नई दिल्ली : गुलशन पॉलीऑल्स लिमिटेड को एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2026-27 के दौरान तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को कुल 1,96,886 किलोलीटर एथेनॉल की आपूर्ति करने का आवंटन मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। कंपनी के अनुसार, यह आवंटन CRFQ संख्या 1000466894(C-1) और ई-टेंडर संख्या 26985 के तहत किया गया है।
इसके अंतर्गत भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) और मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) को एथेनॉल की आपूर्ति की जाएगी।कंपनी ने बताया कि, आवंटित कुल एथेनॉल की कीमत करीब 1,304.90 करोड़ रुपये है। इस मूल्य में माल ढुलाई शुल्क और लागू कर शामिल नहीं हैं। इनका भुगतान अलग से किया जाएगा।
नियामकीय फाइलिंग के मुताबिक, आवंटन में सबसे बड़ा हिस्सा मक्का आधारित एथेनॉल का है। इसके तहत 1,27,386 किलोलीटर एथेनॉल आवंटित किया गया है, जिसका मूल्य 877.17 करोड़ रुपये है। इसके बाद SFG फीडस्टॉक से बनने वाले 46,401 किलोलीटर एथेनॉल का आवंटन हुआ है, जिसकी कीमत 279.89 करोड़ रुपये है। वहीं, DFG फीडस्टॉक से उत्पादित 23,099 किलोलीटर एथेनॉल के लिए 147.83 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
कंपनी की विभिन्न उत्पादन इकाइयों में DEP MP यूनिट (Indus 2) को सबसे अधिक 1,14,922 किलोलीटर एथेनॉल की आपूर्ति का आवंटन मिला है। इसमें मक्का आधारित 73,126 किलोलीटर, SFG आधारित 27,496 किलोलीटर और DFG आधारित 14,300 किलोलीटर एथेनॉल शामिल है। असम यूनिट को कुल 75,073 किलोलीटर एथेनॉल का आवंटन मिला है।इसमें मक्का आधारित 52,126 किलोलीटर, SFG आधारित 15,097 किलोलीटर और DFG आधारित 7,850 किलोलीटर एथेनॉल शामिल है।
वहीं, Indus 1 यूनिट को कुल 6,891 किलोलीटर एथेनॉल आवंटित किया गया है। इसमें SFG आधारित 3,808 किलोलीटर, मक्का आधारित 2,134 किलोलीटर और DFG आधारित 949 किलोलीटर एथेनॉल शामिल है। गुलशन पॉलीऑल्स ने बताया कि एथेनॉल उत्पादन के साथ कई उप-उत्पाद भी तैयार होंगे। इन उप-उत्पादों की बिक्री से कंपनी को 300 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व मिलने की संभावना है।

















