नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को किसानों से गेहूं, चावल और गन्ने जैसी पारंपरिक फसलों पर निर्भरता कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने के लिए फसल विविधीकरण तथा कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया टुडे ग्रुप द्वारा आयोजित किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बदलते बाजार, उपभोक्ताओं की पसंद, मौसम के पैटर्न और तकनीक के अनुरूप कृषि नीतियों तथा खेती के तरीकों में बदलाव जरूरी है।
उन्होंने कहा कि, पिछली सरकारों का ध्यान देश के खाद्यान्न भंडार भरने पर रहा, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन से आगे बढ़कर किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा, केवल खाद्यान्न के गोदाम भरना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि, किसानों को बदलती कृषि परिस्थितियों और बाजार की मांग के अनुसार खुद को ढालने में सक्षम बनाना होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में इन बदलावों के साथ कदमताल करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आज देश हर साल 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कृषि उत्पादों का निर्यात कर रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है। वैश्विक कृषि उत्पादन में भारत की स्थिति का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दूध, दालों और जूट का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक है। इसके अलावा भारत चावल और मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन में भी दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि, गेहूं उत्पादन के साथ-साथ कपास, फल, सब्जियों और मछली उत्पादन में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है। प्रधानमंत्री ने कहा, “ये केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि भारत के किसानों की अपार क्षमता को दर्शाते हैं।”
पीएम मोदी ने हरित, श्वेत, नीली और मीठी क्रांति का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने और किसानों के लिए आय के अतिरिक्त अवसर पैदा करने वाली विभिन्न क्रांतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, हरित क्रांति ने भारत को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाया, जबकि श्वेत क्रांति के कारण भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना। पिछले एक दशक के आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में दूध उत्पादन में करीब 70 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि अंडा उत्पादन लगभग 90 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नीली क्रांति के तहत पिछले दस वर्षों में मछली उत्पादन दोगुने से भी अधिक हो गया है। पीएम मोदी ने मीठी क्रांति का भी जिक्र किया, जिसके चलते मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में शहद का उत्पादन लगभग 80 हजार टन से बढ़कर 1.5 लाख टन तक पहुंच गया है।
बागवानी उत्पादन 350 मिलियन टन के पार
प्रधानमंत्री ने कहा कि, भारत में बागवानी उत्पादन 280 मिलियन टन से बढ़कर 350 मिलियन टन से अधिक हो गया है।उन्होंने कहा कि कृषि के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे ये विकास किसानों के लिए आय के कई स्रोत तैयार कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, “जब हम इन सभी क्रांतियों को एक व्यापक दृष्टिकोण से जोड़ते हैं, तो देश के किसानों के लिए आय के कई स्रोत बनते हैं। यह कृषि के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।” इंडिया टुडे ग्रुप द्वारा स्मार्ट किसान, विकसित भारत थीम के तहत आयोजित दो दिवसीय किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में 2,000 से अधिक किसानों, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वैश्विक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में भारतीय कृषि के भविष्य और खेती को आधुनिक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।


















