केन्या : क्षेत्रीय सुधारों के बाद देश में चीनी उत्पादन बढ़कर 9 लाख टन पहुंचा

नैरोबी : केन्या में सरकारी सुधारों के चलते चीनी उत्पादन इस साल बढ़कर लगभग 9 लाख टन हो गया है, जो वित्त वर्ष 2022-23 में दर्ज 4,72,773 टन के मुकाबले करीब दोगुना है। सरकार ने चीनी क्षेत्र को मजबूत बनाने और गन्ना किसानों की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं। कृषि मंत्रालय के प्रधान सचिव पॉल रोनो ने उत्पादन में इस वृद्धि का श्रेय सरकार की ओर से लागू किए गए उपायों को दिया। उन्होंने कहा कि, इन कदमों का उद्देश्य चीनी उद्योग को मजबूत करना और खेतों में उत्पादकता बढ़ाना है।

सरकार ने वर्ष 2022 से अब तक उर्वरक की 3.8 करोड़ से अधिक बोरियों पर सब्सिडी दी है। इसके चलते उर्वरक की कीमत 7,500 केन्याई शिलिंग प्रति बोरी से घटकर 2,000 शिलिंग रह गई है। रोनो के अनुसार, इस सहायता से चाय, कॉफी और मक्का सहित विभिन्न कृषि क्षेत्रों के उत्पादन में सुधार हुआ है। नजोइया शुगर कंपनी में किसानों को बोनस भुगतान के एक कार्यक्रम के दौरान रोनो ने कहा कि, घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ने से देश की आयात पर निर्भरता में उल्लेखनीय कमी आई है। उनके मुताबिक, चीनी का आयात 6,08,178 टन से घटकर 65,000 टन रह गया है। साथ ही, पिछले छह महीनों में केन्या ने ब्राउन शुगर का आयात नहीं किया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना किसानों को मिलने वाले भुगतान मूल्य में भी बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में किसानों को जहां 4,200 केन्याई शिलिंग प्रति टन मिलते थे, वहीं अब यह बढ़कर 5,500 शिलिंग प्रति टन हो गया है। यानी किसानों को प्रति टन 1,300 शिलिंग अधिक मिल रहे हैं। किसानों को अब हर सात दिन में भुगतान किया जा रहा है, जबकि पहले भुगतान में कई महीनों की देरी होती थी। खुदरा बाजार में चीनी की कीमत भी 230 शिलिंग प्रति किलोग्राम से अधिक के स्तर से घटकर औसतन 150 शिलिंग प्रति किलोग्राम रह गई है।

रोनो ने बताया कि, कृषि मंत्रालय ने गन्ना किसानों को बकाया 3.9 अरब शिलिंग में से 3.5 अरब शिलिंग का भुगतान कर दिया है। कर्मचारियों के वेतन का शेष 400 मिलियन शिलिंग बकाया बजट में शामिल कर लिया गया है और इसे वर्ष के अंत से पहले चुकाने की उम्मीद है। इसके अलावा, किसानों को देय 265 मिलियन शिलिंग का अतिरिक्त भुगतान भी वर्ष के अंत तक किए जाने की संभावना है। इससे चीनी मिल संचालकों को न्यूनतम बकाया देनदारियों के साथ कारखानों का संचालन अपने हाथ में लेने में मदद मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here