27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जांचे गए E20 पेट्रोल के सभी 893 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे: BPCL

नई दिल्ली: भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जांचे गए E20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत की सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी ने यह स्पष्टीकरण E20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर उठाए जा रहे सवालों के बीच दिया है। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह गुणवत्ता निगरानी अभियान ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी (CHT) के समन्वय से चलाया था। इस दौरान BPCL ने 280 नमूनों की जांच की।

यह स्पष्टीकरण कर्नाटक में BPCL की उपभोक्ता जागरूकता पहल के दौरान साझा की गई एक तस्वीर को लेकर मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर हुई चर्चाओं के बाद आया। तस्वीर में BPCL के एक एनर्जी स्टेशन पर एथेनॉल पृथक्करण परीक्षण किया जाता दिखाई दे रहा था। BPCL ने बताया कि, E20 पेट्रोल को लेकर लोगों के सवालों और शंकाओं का समाधान करने के लिए कंपनी के अधिकारी कर्नाटक में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे थे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

परीक्षण प्रक्रिया में 100 मिलीलीटर E20 एथेनॉल मिश्रित मोटर स्पिरिट (EBMS) में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है, ताकि पेट्रोल से एथेनॉल को अलग किया जा सके। कंपनी के अनुसार, इस प्रक्रिया के शुरुआती चरण में मिश्रण धुंधला या दूधिया दिखाई देता है, जो सामान्य बात है।एथेनॉल-पानी और पेट्रोल की परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है। घटना पर स्पष्टीकरण देते हुए BPCL ने कहा कि, तस्वीर गलती से पृथक्करण प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही खींचकर साझा कर दी गई थी। इस कारण तस्वीर में परीक्षण का अंतिम परिणाम नहीं, बल्कि बीच का एक चरण दिखाई दिया।कंपनी ने कहा, “इसलिए तस्वीर में परीक्षण का एक मध्यवर्ती चरण दिखाई दिया था, न कि अंतिम परिणाम।”

BPCL ने आगे बताया कि, संभावित गलतफहमी का एहसास होने के बाद संबंधित अधिकारी ने तुरंत उस पोस्ट को हटा दिया था। कंपनी ने कहा, “जांच किए गए नमूने में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। “BPCL ने दोहराया कि, उसके खुदरा ईंधन केंद्रों के माध्यम से बेचे जाने वाले E20 पेट्रोल की गुणवत्ता की निगरानी स्थापित गुणवत्ता आश्वासन प्रणालियों के तहत की जाती है। यह निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के IS 17021 मानकों के अनुरूप होती है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों से अपील की कि, वे ईंधन की गुणवत्ता का आकलन करते समय सत्यापित परीक्षण प्रक्रियाओं और निर्धारित गुणवत्ता मूल्यांकन प्रणालियों पर ही भरोसा करें। भारत की प्रमुख तेल विपणन कंपनियों में शामिल BPCL देशभर में 25,300 से अधिक ईंधन स्टेशन संचालित करती है। मुंबई, कोच्चि और बीना स्थित इसकी रिफाइनरियों की संयुक्त शोधन क्षमता लगभग 3.53 करोड़ मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है। कंपनी ने ईंधन की गुणवत्ता बनाए रखने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं का विश्वास कायम रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here