पंजाब : गोल्डन संधार शुगर मिल सील, किसानों का 27.74 करोड़ रुपये गन्ना बकाया

फगवाड़ा: पंजाब सरकार ने किसानों के 2021-22 के पेराई सीजन के गन्ना बकाये का 27.74 करोड़ रुपये भुगतान नहीं करने के मामले में फगवाड़ा स्थित गोल्डन संधार शुगर मिल को सील कर दिया है। यह मिल पहले वाहिद-संधार शुगर्स लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को कृषि और राजस्व विभाग की टीमों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर स्थित मिल परिसर को सील किया।सरकार ने आरोप लगाया कि, मिल ने 2025-26 के पेराई सीजन में वैध क्रशिंग लाइसेंस के बिना काम किया। इसके चलते किसानों को मिलने वाली राज्य सरकार की सब्सिडी का भुगतान भी रोक दिया गया।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब किसान संगठनों ने बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। किसान यूनियनों ने 20 नवंबर से जालंधर-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने की घोषणा की है। पंजाब के गन्ना आयुक्त किरणजीत सिंह गिल ने बताया कि, मिल के पूर्व और मौजूदा प्रबंधन के साथ कई दौर की बातचीत के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से सरकार ने बकाया भुगतान करने के आश्वासन के आधार पर मिल को शर्तों के साथ पेराई लाइसेंस जारी किए थे, लेकिन प्रबंधन ने अपने वादे पूरे नहीं किए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गिल के अनुसार, मिल ने मौजूदा सीजन में भी वैध लाइसेंस के बिना पेराई जारी रखी, जिसके कारण किसानों को सीधे हस्तांतरित की जाने वाली सरकारी सब्सिडी रोक दी गई। अधिकारियों ने रोकी गई सब्सिडी की राशि करीब 18.9 करोड़ रुपये बताई है, जबकि गिल के मुताबिक यह राशि 16 करोड़ रुपये से अधिक है।

हालांकि, राणा शुगर्स के सीईओ अमरीक सिंह बुट्टर ने सरकार के आरोपों पर असहमति जताई। उन्होंने बकाये के लिए मिल के पूर्व प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि, पिछले चार वर्षों में पूर्व प्रबंधन ने 40.71 करोड़ रुपये की देनदारियां जमा की थीं। बुट्टर के अनुसार, राणा समूह ने मिल का संचालन संभालने के बाद समझौते के तहत करीब 16 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। शेष राशि का भुगतान इसलिए नहीं हो सका, क्योंकि पूर्व मालिकों की कुर्क की गई संपत्तियां अभी तक बेची नहीं गई हैं।

बुट्टर ने भुगतान में देरी के लिए संपत्तियों के मूल्यांकन को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि, मूल्य निर्धारण समिति ने इन संपत्तियों का मूल्य वास्तविकता से अधिक तय किया है। मिल के बिना लाइसेंस संचालन के आरोप को खारिज करते हुए उन्होंने 24 दिसंबर 2025 को गन्ना आयुक्त की ओर से जारी एक पत्र का हवाला दिया। उनके मुताबिक, इस पत्र में पेराई की अनुमति दी गई थी और किसानों के लिए 68.5 रुपये प्रति क्विंटल राज्य सब्सिडी का भी उल्लेख था।

मिल के पूर्व मालिकों, शिरोमणि अकाली दल के नेता जरनैल सिंह वाहिद और ब्रिटेन में रहने वाले एनआरआई सुखबीर सिंह संधार के खिलाफ भी पंजाब विजिलेंस ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच कर रहे हैं। कथित 95 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 20 अगस्त को फगवाड़ा और चंडीगढ़ में आठ स्थानों पर तलाशी ली थी।

यह जांच वर्ष 2023 में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज मामले के बाद शुरू हुई थी, जिसमें वाहिद, उनकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया गया था। ईडी का आरोप है कि पूर्व प्रबंधन ने सरकार से लीज पर ली गई 31.2 एकड़ जमीन को गिरवी रखकर 93.94 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके अलावा, वर्ष 2019 में सरकारी संपत्ति के कुछ हिस्सों को कथित तौर पर अवैध रूप से बेचा गया था।

पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि, किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करने या नियमों का उल्लंघन करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि, मिल को सील करने का उद्देश्य जवाबदेही सुनिश्चित करना है और प्रबंधन को बिना किसी और देरी के किसानों का 27.74 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने का निर्देश दिया गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here