एथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल का संतुलित उपयोग जरूरी: इस्मा

नई दिल्ली: इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के अनुसार, भारत को एथेनॉल उत्पादन के लिए किसी एक कच्चे माल पर अत्यधिक निर्भर रहने के बजाय विभिन्न फीडस्टॉक (कच्चे माल) के संतुलित और लचीले उपयोग की नीति अपनानी चाहिए। द ट्रिब्यून से बातचीत में ‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, देश की एथेनॉल जरूरतों को पूरा करने के लिए कोई एक कच्चा माल पर्याप्त नहीं हो सकता। सरकार को हर साल उपलब्धता और उत्पादन के आधार पर विभिन्न कच्चे माल के उपयोग में संतुलन बनाना होगा।

बल्लानी ने बताया कि, एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य रूप से गन्ने से प्राप्त अतिरिक्त उत्पादों का उपयोग करने के उद्देश्य से की गई थी, ताकि ऐसे उत्पादों की बर्बादी रोकी जा सके। जब यह कार्यक्रम शुरू हुआ था, तब एथेनॉल की मांग अपेक्षाकृत कम थी और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का स्तर लगभग 2%, 5%, 6% और 7% था। हालांकि, समय के साथ इसकी मांग लगातार बढ़ती गई। उन्होंने कहा कि, यह दावा करना उचित नहीं होगा कि केवल एक ही प्रकार का कच्चा माल देश की पूरी एथेनॉल जरूरत को पूरा कर सकता है। इसके बजाय सरकार को लचीली नीति अपनानी चाहिए और हर साल उपलब्धता के अनुसार यह तय करना चाहिए कि गन्ना, मक्का या अतिरिक्त चावल में से कितनी मात्रा एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल की जा सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

2026-27 सीजन में चीनी उत्पादन को लेकर चिंता

ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब भारत में 2026-27 के चीनी सीजन के उत्पादन को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटिल ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि उत्पादन, घरेलू मांग और शुरुआती स्टॉक की उपलब्धता को देखते हुए अगले सीजन में देश को चीनी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

संभावित चीनी संकट से जुड़े सवाल पर बल्लानी ने कहा कि, शुष्क मौसम के कारण 2026-27 सीजन में चीनी उत्पादन की संभावनाएं प्रभावित हुई हैं। महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी उत्पादन घट सकता है, हालांकि इसका वास्तविक असर कितना होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

भारत को चालू वर्ष में घरेलू खपत के लिए लगभग 285 लाख मीट्रिक टन (LMT) चीनी की जरूरत है। इसके अलावा अगले सीजन की शुरुआत के लिए कम से कम 50 लाख मीट्रिक टन चीनी का शुरुआती स्टॉक भी आवश्यक है। इस तरह देश की कुल जरूरत लगभग 335 लाख मीट्रिक टन हो जाती है।

बल्लानी ने कहा कि, भविष्य में चीनी की कमी से बचने के लिए उत्पादन का बेहतर अनुमान, सोच-समझकर निर्यात संबंधी फैसले और गन्ने की उन्नत किस्मों का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में चीनी की मांग और आपूर्ति का अनुमान लगाने की व्यवस्था मौजूद है, लेकिन उत्पादन पूर्वानुमान, ईंधन एवं खाद्य नीतियों तथा चीनी स्टॉक की निगरानी में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को प्रमाणित ब्रीडर बीज उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

गन्ने की एक ही किस्म पर निर्भरता से हो सकता है नुकसान

बल्लानी के अनुसार, गन्ने की बेहतर किस्मों का विकास उत्पादन बढ़ाने में मददगार हो सकता है, लेकिन किसी एक किस्म पर अत्यधिक निर्भरता गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां Co 0238 किस्म का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने से गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में आनुवंशिक विविधता (Genetic Diversity) कम हो गई।

वर्ष 2020-21 तक उत्तर प्रदेश के कुल गन्ना क्षेत्र के 86 प्रतिशत से अधिक हिस्से में इसी किस्म की खेती की जा रही थी। इसके व्यापक उपयोग के बाद रेड रॉट (लाल सड़न) रोग के प्रति गन्ने की प्रतिरोधक क्षमता में गंभीर गिरावट देखी गई। उन्होंने बताया कि, उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन वर्ष 2019-20 के 126.4 लाख मीट्रिक टन से घटकर वर्ष 2025-26 में 89.5 लाख मीट्रिक टन रह गया। बल्लानी ने गन्ने की कीमतों को ध्यान में रखते हुए उचित चीनी मूल्य निर्धारण नीति बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर ‘इस्मा’ सरकार के साथ बातचीत कर रहा है। चीनी के मूल्य निर्धारण के साथ-साथ गन्ने के विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

एथेनॉल परियोजनाओं में 40,000 करोड़ रुपये का निवेश

गन्ने से बनने वाले उत्पादों को एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल करने पर लगाए गए प्रतिबंधों के वित्तीय प्रभाव के बारे में बल्लानी ने कहा कि, चीनी मिलों ने डिस्टिलरी स्थापित करने के लिए लगभग 40,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है।कई चीनी मिल मालिकों ने इन परियोजनाओं को स्थापित करने के लिए भारी कर्ज भी लिया है।

उन्होंने कहा कि, यदि चीनी मिलें अपनी डिस्टिलरी का पूरी क्षमता से संचालन नहीं कर पाती हैं, तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बल्लानी के अनुसार, इस्मा सरकार और संबंधित अधिकारियों के साथ संभावित राहत उपायों पर चर्चा कर रहा है। इनमें ऋण भुगतान पर मिली मोहलत (मोराटोरियम) की अवधि बढ़ाना, ब्याज भुगतान में समायोजन और अन्य नीतिगत सहायता जैसे विकल्प शामिल हैं।उन्होंने कहा कि, एथेनॉल उत्पादन में निवेश करने वाली चीनी मिलों को वित्तीय स्थिरता प्रदान करना जरूरी है, ताकि उद्योग में किए गए बड़े निवेश का उचित उपयोग हो सके और चीनी मिलों के आर्थिक हित सुरक्षित रहें।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here