मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को महाराष्ट्र में गंभीर सूखे की स्थिति और किसानों की आर्थिक बदहाली पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार की ओर से किसानों से किसी तरह की वसूली नहीं करने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद वसूली की कार्रवाई जारी है। ANI से बातचीत में सुले ने कहा कि, किसानों की मांग पर उनकी पार्टी ने सूखा प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि, प्रभावित किसानों की सूची कलेक्टर कार्यालय में सौंपी जाएगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से उन किसानों के नाम साझा करने की अपील की, जिन्हें अब तक सहायता राशि नहीं मिली है।
सुले ने कहा, राज्य में भीषण सूखा पड़ा है। सरकार यह कहने के बावजूद कि किसानों से कोई वसूली नहीं की जाएगी, किसानों से वसूली किए जाने के वीडियो सामने आ रहे हैं। किसानों की मांग पर हमने उनके लिए प्रति हेक्टेयर 1 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। हमने VB-G RAM विधेयक में बदलाव की भी मांग की है। जिन किसानों को अभी तक राशि नहीं मिली है, उनकी सूची हमारी ओर से कलेक्टर कार्यालय को सौंपी जाएगी। यदि किसी का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो हमें उसकी जानकारी दें।”
किसानों की आत्महत्या पर जताई चिंता
किसानों की आत्महत्या की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुले ने कहा कि मंत्रिमंडल ने जल संरक्षण के लिए 400 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा, कर्ज के बोझ के कारण किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मंत्रिमंडल ने जल संरक्षण के लिए 400 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दी है। यदि राज्य को कोई वित्तीय सहायता मिल रही है, तो उसका स्वागत है। यह बेहद दुखद स्थिति है। सरकार कहती है कि वसूली के लिए किसी के घर नहीं जाएंगे, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। आत्महत्या करना गलत है। ”अपनी पार्टी के पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए सुले ने कहा, “जब हमारी सरकार सत्ता में थी, तब हमने 70,000 करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए थे।”
महाराष्ट्र के 308 तालुके सूखा प्रभावित घोषित
महाराष्ट्र इस समय गंभीर कृषि और जल संकट का सामना कर रहा है। मंगलवार को राज्य के कुल 358 तालुकों में से 308 को सूखा प्रभावित घोषित किया गया। मानसून की भारी कमी, विशेष रूप से मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में, सूखे की प्रमुख वजह बनी है। सूखे के कारण खरीफ फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इसके साथ ही चारे और पीने के पानी की भारी कमी तथा किसानों की आर्थिक परेशानियां भी बढ़ गई हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लगभग 1.5 करोड़ किसानों को 5,000 रुपये प्रति किसान अग्रिम सूखा राहत देने की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार, इस सहायता के लिए कुल 7,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह निर्णय 27 अक्टूबर को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था।फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि, राहत राशि से बैंक किसी भी तरह की कटौती न करें और किसानों को पूरी सहायता राशि मिले।

















