नई दिल्ली: केंद्र सरकार 2026-27 के चीनी सीजन के लिए अपने स्तर पर हर महीने चीनी उत्पादन का अनुमान तैयार करेगी। पिछले सीजन में उद्योग जगत की ओर से जारी किए गए अनुमानों में काफी अंतर पाए जाने के बाद सरकार ने उद्योग के अनुमानों पर निर्भर रहने के बजाय स्वतंत्र आकलन करने का फैसला किया है। हिंदुस्तान टाइम्स ने एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के हवाले से यह खबर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, सरकार का पहला आकलन 27 नवंबर को प्रस्तावित राज्य गन्ना आयुक्तों की बैठक के बाद आने की उम्मीद है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत चीनी मिलों को हर महीने पेराई किए गए गन्ने की मात्रा, उत्पादित चीनी, पूरे सीजन में अनुमानित गन्ना पेराई और संभावित चीनी उत्पादन का ब्योरा देना होगा।
हिंदुस्तान टाइम्स में प्रकाशित खबर के मुताबिक, राज्य गन्ना आयुक्तों से प्राप्त जानकारी के साथ इन आंकड़ों को संकलित किया जाएगा। पेराई सीजन समाप्त होने तक हर महीने उत्पादन अनुमानों को अपडेट किया जाएगा। यह कदम उद्योग जगत की ओर से जारी किए जाने वाले अनुमानों की विश्वसनीयता को लेकर उठी चिंताओं के बाद आया है। खासकर सैटेलाइट सर्वेक्षण और गन्ने के खेती क्षेत्र के आधार पर तैयार किए जाने वाले अनुमानों पर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे अनुमान सीजन के दौरान गन्ने की पैदावार और चीनी रिकवरी में होने वाले बदलावों का सही आकलन नहीं कर पाते हैं।

















