फिलीपींस : बढ़ती लागत और कमजोर उत्पादन से चीनी उद्योग के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी

मनीला: बढ़ती उत्पादन लागत, कीटों के प्रकोप और अल नीनो की आशंका ने फिलीपींस के चीनी उद्योग के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। इससे किसानों की आय, चीनी मिलों का निवेश और घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। चीनी नियामक प्रशासन (एसआरए) के बोर्ड ने मंगलवार को 2026-27 के पेराई सत्र के दूसरे महीने में प्रवेश करने के बीच गन्ने के कम उत्पादन और चीनी की घटती पैदावार पर चिंता जताई।

ईरान संघर्ष के कारण ईंधन और कृषि आदानों की कीमतों में हुई वृद्धि से किसानों की उत्पादन लागत और बढ़ सकती है। ऐसे में किसानों के पास अगली फसल की बुवाई के लिए पर्याप्त पूंजी जुटाना मुश्किल हो सकता है। इसका असर देश के सबसे बड़े चीनी उत्पादक प्रांत नेग्रोस ऑक्सिडेंटल की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है, जहां हजारों लोगों की आजीविका चीनी उद्योग पर निर्भर है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी मिलों के प्रतिनिधि मित्जी मंगवाग ने कहा कि, उत्पादन में गिरावट उन मिलों को भी प्रभावित कर सकती है, जिन्होंने आधुनिकीकरण पर अरबों पेसो का निवेश किया है। उन्होंने कहा, गन्ने के उत्पादन में कोई भी गिरावट किसानों और मिल मालिकों, दोनों के लिए नुकसानदायक है। किसान इस उद्योग की रीढ़ हैं और ऐसे समय में उत्पादन घटना चिंताजनक है, जब मिलें आधुनिकीकरण पर भारी निवेश कर रही हैं।

किसान प्रतिनिधि डेव सैंसन ने भी चेतावनी दी कि बढ़ती लागत और कमजोर फसल के कारण किसानों के लिए उर्वरक तथा अन्य कृषि सामग्री खरीदना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि, किसानों और मिल मालिकों, दोनों के अस्तित्व को सुरक्षित रखना जरूरी है। कृषि सचिव फ्रांसिस्को पी. तिउ लॉरेल जूनियर ने किसानों को सरकार की ओर से सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने विशेष रूप से रेड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) कीट के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए मदद देने की बात कही। उनके अनुसार, सरकार किसानों को इन चुनौतियों से अकेले जूझने नहीं देगी। किसानों की आय की सुरक्षा और कीटों के प्रकोप पर नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

वहीं, एसआरए प्रशासक पाब्लो लुइस अजकोना ने कहा कि किसानों को गन्ने का लाभकारी खेत-स्तरीय मूल्य (फार्मगेट प्राइस) मिलना चाहिए। साथ ही उपभोक्ताओं और खाद्य उत्पादकों के लिए चीनी की कीमतें भी सुलभ बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि, किसान होने के नाते वह और एसआरए बोर्ड किसान संगठनों की बेहतर, टिकाऊ और स्थिर फार्मगेट कीमत की मांग का समर्थन करते हैं। कृषि विभाग और एसआरए ने अल नीनो तथा कीटों के प्रकोप से निपटने के लिए किसानों को अतिरिक्त सरकारी वित्तीय सहायता देने की मांग की है। इसका उद्देश्य उत्पादन में और गिरावट रोकना तथा चीनी उद्योग पर निर्भर समुदायों की आजीविका को सुरक्षित रखना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here