बिहार : गन्ना किसानों को ‘ब्राजील मॉडल’ अपनाने का सुझाव, एक बार बुवाई कर पांच फसलों तक कमाई संभव

नरकटियागंज : नरकटियागंज चीनी मिल परिसर में आयोजित कृषक समस्या समाधान शिविर में किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत कृषि यंत्रों और खूंटी (रैटून) गन्ना खेती को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।

गन्ना उद्योग विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और गन्ना खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विभागीय अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए तकनीकी सुझाव और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी मिल के कार्यपालक अध्यक्ष रविंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि, भारत में ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की तुलना में अधिक उपजाऊ मिट्टी उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद गन्ना उत्पादन अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि किसान आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक खेती अपनाएं, तो उत्पादन और लाभ दोनों में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

ब्राजील मॉडल से एक बार बुवाई, कई बार कमाई

रविंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि, ब्राजील में किसान एक बार गन्ने की बुवाई करने के बाद कम से कम पांच बार खूंटी गन्ने (रैटून क्रॉप) से आय अर्जित करते हैं। दक्षिण अफ्रीका में भी इसी पद्धति से बेहतर उत्पादन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नरकटियागंज क्षेत्र में भी इस मॉडल को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं और किसानों से प्रति एकड़ 400 क्विंटल गन्ना उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

आधुनिक कृषि यंत्रों से घटेगी लागत

उप कार्यपालक अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी ने मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ लेने की अपील की।

85 किसानों ने किया ऑनलाइन आवेदन

गन्ना प्रसार अधिकारी शाहनवाज ने बताया कि, मुख्यमंत्री गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत अब तक 85 किसानों ने कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है। उन्होंने पात्र किसानों से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया। शिविर में राजीव कुमार त्यागी, आजाद अहमद, शाहनवाज, गन्ना महाप्रबंधक के.एस. ढाका, गन्ना उप प्रबंधक प्रेम सिंह सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here