आंध्र प्रदेश में प्रस्तावित रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर के लिए बीपीसीएल बनाएगी नई सहायक कंपनी

नई दिल्ली : भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के निदेशक मंडल ने 23 अक्टूबर 2026 को भारत में एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्थापित करने को मंजूरी दी है। यह नई कंपनी आंध्र प्रदेश के रामायपट्टनम में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर के निर्माण एवं विकास के लिए एक समर्पित परियोजना कंपनी के रूप में काम करेगी। कंपनी ने नियामकीय फाइलिंग में यह जानकारी दी है।

कंपनी के अनुसार, इस योजना को लागू करने के लिए संबंधित सरकारी विभागों, वैधानिक संस्थाओं और नियामक प्राधिकरणों से आवश्यक मंजूरियां प्राप्त करनी होंगी। नई सहायक कंपनी प्रस्तावित परिसर से जुड़ी अन्य सुविधाओं और परियोजना संबंधी गतिविधियों की जिम्मेदारी भी संभालेगी। बीपीसीएल ने बताया कि, नई सहायक कंपनी की प्रारंभिक अधिकृत शेयर पूंजी 4,900 करोड़ रुपये तक होगी। कंपनी के अनुसार, अलग परियोजना कंपनी स्थापित करने से परियोजना के संचालन के लिए एक समर्पित कानूनी और प्रशासनिक ढांचा तैयार होगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

परियोजना के वित्तपोषण और साझेदारी में मिलेगी मदद

सरकारी तेल विपणन कंपनी BPCL के मुताबिक, नई सहायक कंपनी के गठन से परियोजना की विस्तृत जांच-पड़ताल और संभावित ऋणदाताओं तथा साझेदारों के साथ बातचीत करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, परियोजना के लिए उपयुक्त वित्तपोषण व्यवस्था और साझेदारी का ढांचा तैयार करने में भी सुविधा होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर की विस्तृत व्यवहार्यता रिपोर्ट (डीएफआर) को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया अभी जारी है। परियोजना में वित्तीय निवेश से संबंधित निर्णय और वित्तीय प्रतिबद्धताओं पर उचित समय आने पर सक्षम प्राधिकरण अलग से विचार करेंगे।

BPCL ने यह भी कहा कि नई सहायक कंपनी से संबंधित अतिरिक्त जानकारी निर्धारित प्रारूप में बाद में साझा की जाएगी। यह जानकारी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के सूचीबद्धता दायित्व एवं प्रकटीकरण आवश्यकताओं संबंधी विनियम, 2015 के विनियम 30 के तहत जारी की गई है। कंपनी की ओर से इस खुलासे पर कंपनी सचिव वी. कला ने हस्ताक्षर किए हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here