भारत में एथेनॉल को प्रमुख जैव ईंधन बनाने के अनुभव साझा करने के लिए बातचीत कर रहा है ब्राजील : राजदूत

नई दिल्ली : भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हाचिंस्की दा नोब्रेगा ने कहा है कि ऊर्जा भारत और ब्राजील के द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख आधार है। इसमें जैव ईंधन, गहरे समुद्र में तेल की खोज और बिजली ग्रिड से जुड़े उपकरणों का विनिर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं। भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 के दौरान एएनआई से बातचीत करते हुए राजदूत ने कहा कि, पिछले साढ़े तीन वर्षों में दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में लगातार तेजी आई है।

उन्होंने बताया कि, ब्राजील अब भी भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला पांचवां सबसे बड़ा देश है। दोनों देश अब समुद्र के भीतर तेल निकालने की तकनीक के क्षेत्र में भी सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं। नोब्रेगा ने कहा, स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत और ब्राजील का सहयोग एथेनॉल से शुरू होता है। एथेनॉल को एक महत्वपूर्ण जैव ईंधन और ऊर्जा परिवर्तन के अहम हिस्से के रूप में विकसित करने के अपने अनुभव साझा करने के लिए हम लगातार बातचीत कर रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने एथेनॉल मिश्रण के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में भारत की प्रगति और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन (ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस) में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका की भी सराहना की। दा नोब्रेगा ने कहा, भारत ने वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन में नेतृत्व की भूमिका निभाई है। यह विशेष रूप से वैश्विक दक्षिण के उन देशों के साथ अनुभव साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां उष्णकटिबंधीय जलवायु है और जो ऊर्जा परिवर्तन की प्रक्रिया में जैव ईंधन को अपने समाधान के रूप में अपना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि, ऊर्जा परिवर्तन के लिए जीवाश्म ईंधन की भी आवश्यकता बनी रहेगी। इसलिए भारत और ब्राजील गहरे समुद्र में तेल ड्रिलिंग की तकनीक के क्षेत्र में भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सहयोग का विस्तार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आसपास प्रस्तावित तेल खोज गतिविधियों तक भी होगा। औद्योगिक क्षेत्र में दोनों देशों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए राजदूत ने कहा कि ब्राजील की कंपनी डब्ल्यूईजी भारत में सक्रिय रूप से काम कर रही है। यह कंपनी यहां पवन टर्बाइन, ट्रांसफॉर्मर और बिजली ग्रिड से संबंधित बुनियादी ढांचे का उत्पादन करती है। वहीं, भारतीय कंपनियां ब्राजील में एथेनॉल का उत्पादन कर रही हैं।

नोब्रेगा ने बताया कि, भारत और ब्राजील के बीच द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब अमेरिकी डॉलर के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंचने की ओर अग्रसर है। यह दोनों देशों के बीच बढ़ती आर्थिक और ऊर्जा साझेदारी को दर्शाता है। उन्होंने कहा, पिछले साढ़े तीन वर्षों से दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में तेजी देखी जा रही है। अब द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब डॉलर तक पहुंचने की स्थिति में है। यह अब तक का ऐतिहासिक रिकॉर्ड होगा।

राजदूत ने आगे कहा, ब्राजील में भारत का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) भंडार एक रूढ़िवादी अनुमान के अनुसार 10 अरब डॉलर तक पहुंचने वाला है। संभव है कि यह आंकड़ा इससे भी अधिक हो। पिछले तीन वर्षों में मुझे ब्राजील से आए 150 से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करने का अवसर मिला है। ये आंकड़े दोनों देशों के बढ़ते आर्थिक संबंधों को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। ”उन्होंने कहा कि, भारत और ब्राजील आपसी विकास तथा आर्थिक मजबूती को बढ़ावा देने के लिए साझेदार के रूप में काम कर रहे हैं।

वर्ष 2025 में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का उल्लेख करते हुए राजदूत ने सतत विमानन ईंधन (एसएएफ) को सहयोग का एक प्रमुख क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि ब्राजील ने विमानन ईंधन में चरणबद्ध मिश्रण के लिए विधायी ढांचा तैयार किया है। दोनों देश इस क्षेत्र में तकनीकी और नियामकीय प्रगति की तुलना करते हुए सहयोग को आगे बढ़ा रहे हैं। लैटिन अमेरिका क्षेत्र में ब्राजील भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच कुल द्विपक्षीय व्यापार 15.21 अरब डॉलर रहा। इसमें भारत का ब्राजील को निर्यात 8.35 अरब डॉलर और ब्राजील से आयात 6.86 अरब डॉलर रहा। इस तरह भारत का व्यापार संतुलन 1.49 अरब डॉलर के अधिशेष में रहा।

वर्ष 2024 में ब्राजील को भारत का निर्यात भारत के कुल वैश्विक निर्यात का 0.88 प्रतिशत था, जबकि 2023 में यह 0.92 प्रतिशत रहा था। इसी तरह, ब्राजील से भारत का आयात 2024 में देश के कुल वैश्विक आयात का 0.75 प्रतिशत और 2023 में 0.55 प्रतिशत था। दूसरी ओर, ब्राजील के कुल वैश्विक निर्यात में भारत को होने वाले निर्यात की हिस्सेदारी 2024 में 1.6 प्रतिशत और 2023 में 1.4 प्रतिशत रही। वहीं, ब्राजील के कुल वैश्विक आयात में भारत से होने वाले आयात की हिस्सेदारी 2024 में 2.8 प्रतिशत और 2023 में 3 प्रतिशत थी। (एएनआई)

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here