नई दिल्ली: केंद्र सरकार की ओर से चीनी के उपलब्ध स्टॉक को लेकर जारी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी से 48 लाख टन चीनी का हिसाब मांगा है। संगठन के प्रमुख और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने यह मांग उठाई है।
चीनी के स्टॉक के आंकड़ों पर सवाल
राजू शेट्टी के अनुसार, सरकार ने अक्टूबर 2025 के अंत में चीनी का स्टॉक 47 लाख टन बताया था। इसके बाद 2025-26 सीजन में 291 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। इस हिसाब से देश में कुल उपलब्ध चीनी का स्टॉक 338 लाख टन हो गया।इसमें से पेराई सत्र के दौरान 8 लाख टन चीनी का निर्यात किया गया। दूसरी ओर, सरकार ने 1 नवंबर से 30 सितंबर के बीच चीनी की बिक्री के लिए 247 लाख टन की अनुमति दी थी।इसके अलावा, 30 अगस्त तक 83 लाख टन चीनी का स्टॉक शेष होने के आंकड़े भी सामने आए हैं।
फिर 48 लाख टन चीनी कहां गई?
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के दावे के अनुसार, सितंबर के अंत तक 35 लाख टन चीनी का स्टॉक बचना चाहिए।राजू शेट्टी ने उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया है कि, चीनी के पूरे हिसाब में करीब 48 लाख टन का अंतर दिखाई दे रहा है।उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि, यह 48 लाख टन चीनी आखिर कहां है?” उन्होंने केंद्र से इस पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा करने की मांग की है।
पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश में अवैध निर्यात का संदेह
पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आशंका जताई है कि, चीनी का कुछ हिस्सा पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश में अवैध तरीके से निर्यात किया गया हो सकता है। उन्होंने यह भी संदेह जताया कि, व्यापारियों या जमाखोरों ने बड़ी मात्रा में चीनी को छिपाकर रखा हो सकता है। शेट्टी ने केंद्र सरकार से चीनी के उपलब्ध स्टॉक की पारदर्शी और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने तथा 48 लाख टन की कथित तफावत का स्पष्ट हिसाब देने की मांग की है।















