रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सहकारी चीनी मिलों में मल्टीफीड एथेनॉल प्लांट्स के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा है कि, इस दिशा में जरूरी कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए, ताकि गन्ना आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिल सके और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके। मंत्रालय में आयोजित राज्य सहकारी विकास समिति की बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि, सहकारी समितियों के जरिए किसानों तक खाद, बीज, कृषि दवाएं, बैंकिंग सेवाएं और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं आसानी से पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने किसानों को मजबूत बनाने के लिए सहकारी समितियों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में सहकारी समिति का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को बहुउद्देशीय बनाने के लिए उन्हें दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और लघु वनोपज जैसे कार्यों से जोड़ने पर बल दिया गया। बैठक में पैक्स गोदामों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर जैसी सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक सेवाएं मिल सकें।
इसके अलावा राज्य की पैक्स समितियों को राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्थाओं से जोड़ने, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में इंटरनेट बैंकिंग शुरू करने, पैक्स के कंप्यूटरीकरण, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों की स्थापना और ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजनाओं के संचालन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, वित्त, कृषि एवं किसान कल्याण और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नाबार्ड, एफसीआई, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम, राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड और राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि सहकारी ढांचे को मजबूत करने और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने से राज्य में कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

















