आंध्र प्रदेश के अच्चुतापुरम में भारत के पहले एथेनॉल-टू-जेट फ्यूल प्लांट का निर्माण कार्य शुरू

विशाखापत्तनम: जीपीएस रिन्यूएबल्स (GPSR) ने एनटीपीसी लिमिटेड से इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) अनुबंध मिलने के बाद भारत के पहले एथेनॉल-टू-जेट (ETJ) सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) प्लांट के निर्माण की शुरुआत कर दी है।यह प्लांट एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के ग्रीन हाइड्रोजन हब में, पुदिमदाका में स्थापित किया जा रहा है, जो आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के अच्चुतापुरम स्थित APIIC औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस परियोजना का उद्देश्य देश में सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल के उत्पादन की घरेलू क्षमता विकसित करना है।

जीपीएस रिन्यूएबल्स इस परियोजना को मुख्य ठेकेदार के रूप में पूरा करेगी, जिसमें तकनीकी और इंजीनियरिंग भागीदारों का सहयोग रहेगा। लुम्मस टेक्नोलॉजी ईटीजे तकनीक का लाइसेंस और बेसिक इंजीनियरिंग प्रदान करेगी, जबकि ज़ायटेल इंडिया मुख्य प्रक्रिया पैकेज के लिए विस्तृत इंजीनियरिंग का कार्य संभालेगी।कंपनी की जिम्मेदारी में परियोजना का संपूर्ण कार्य—इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट, निर्माण, स्टार्ट-अप और कमीशनिंग शामिल है। इसके अलावा, यह हाइड्रोजन उत्पादन प्रणाली तथा ऑफसाइट और यूटिलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर का भी प्रबंधन करेगी। परियोजना को मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जिसके बाद एक वर्ष तक संचालन सहायता दी जाएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह प्लांट प्रति वर्ष 1,800 टन सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल उत्पादन के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें कार्बन डाइऑक्साइड से प्राप्त एथेनॉल का उपयोग होगा। इस प्रक्रिया में एथेनॉल को एथिलीन में बदलना, ओलेफिन्स का ओलिगोमराइजेशन और हाइड्रोप्रोसेसिंग शामिल है, जिससे SAF और नवीकरणीय डीजल तैयार किया जाएगा।जीपीएस रिन्यूएबल्स के सह-संस्थापक और सीईओ मैनाक चक्रवर्ती ने कहा कि, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल विमानन क्षेत्र में उत्सर्जन कम करने का एक महत्वपूर्ण विकल्प है। उन्होंने बताया कि लुम्मस टेक्नोलॉजी के साथ सहयोग भारत में SAF के बड़े पैमाने पर उत्पादन को संभव बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वहीं लुम्मस टेक्नोलॉजी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रोमेन लेमोइन ने कहा कि, यह परियोजना एथेनॉल-टू-जेट तकनीक को अवधारणा से व्यावसायिक स्तर तक ले जाने का प्रतीक है, और भारत का एथेनॉल इकोसिस्टम इस तरह की पहल के लिए मजबूत आधार प्रदान करता है। बेंगलुरु मुख्यालय वाली जीपीएस रिन्यूएबल्स नवीकरणीय ईंधनों के क्षेत्र में तकनीक और परियोजना समाधान विकसित करती है, जिसमें बायोगैस और कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट शामिल हैं, और देश में बायोफ्यूल इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के साथ साझेदारी भी रखती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here