उप गन्ना आयुक्त ने केएम चीनी मिल का किया निरीक्षण

मसौधा (अयोध्या): यहां के मसौधा स्थित केएम शुगर मिल में कुछ अनियमितताओं की शिकायत के बाद उप गन्ना आयुक्त ने मिल का दौरा किया तथा वहां फैली गंदगी को लेकर मिल के अधिकारियों को फटकार लगाई।

स्थानीय गन्ना किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने शुक्रवार की रात को शुगर मिल का निरीक्षण किया तथा परिसर में साफ-सफाई की हालत से वह असंतुष्ट दिखे। उन्होंने तौल कांटा सहित अन्य चीजों की जांच की। इस दौरान मसौधा गन्ना समिति के सचिव मुकेश कुमार पांडेय भी उनके साथ थे। रात में अचानक हुए इस दौरे से वहां मौजूद किसान और मिल के कर्मचारी व अधिकारी हैरान रह गए।

बाद में सिंह ने बताया कि उनकी जांच में तौल कांटे को सही पाया गया। उन्होंने मिल गेट के इनयार्ड, आउटयार्ड और टोकन से संबंधित व्यवस्थाएं देखने के अलावा मिल प्रबंधन की ओर से किसानों को ठंड से बचाने के लिए जलाए गए अलाव का भी निरीक्षण किया तथा जगह-जगह अलाव जलता देख प्रसन्नता प्रकट की। निरीक्षण के दौरान यार्ड में कई जगहों पर पानी जमा होने और कीचड़ साफ नहीं किये जाने की वजह से किसानों को आने जाने में हो रही दिक्कतों को लेकर उन्होंने मिल के अधिकारियों को फटकार भी लगाई तथा तत्काल गंदे पानी और कीचड़ की सफाई कराने के निर्देश दिए।

यह न्यूज़ सुनने के लिए प्ले बटन को दबाये.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here