अदीस अबाबा : इथियोपिया सरकार ने आठ चीनी मिलों के नीलामी की निविदा प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए निवेशकों को अपनी रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) जमा करने के लिए आमंत्रित किया है। देश में चल रहे आर्थिक सुधार के हिस्से के रूप में, इथियोपिया सरकार ने अर्थव्यवस्था में निजी क्षेत्र के लिए एक बड़ी भूमिका के साथ, राष्ट्रीय संसाधनों के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इथियोपिया सरकार ने चीनी मिलों के स्वामित्व और नियंत्रण में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से एक समग्र चीनी क्षेत्र में सुधार शुरू किया है।
इथियोपिया सरकार अब अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों निवेशकों को राज्य के स्वामित्व वाले 8 चीनी मिलों की निविदा में भाग लेने के लिए आमंत्रित कर रही है। इनमें ओमो कुराज़ 1, ओमो कुराज़ 2, ओमो कुराज़ 3, ओमो कुराज़ 5, अर्जो डेडेसा, केसेम, टाना बेल्स और तेंदाहो (शुगर एंटरप्राइजेज के साथ) चीनी मिल शामिल है। प्रस्तावित लेनदेन का उद्देश्य घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार और चीनी उत्पादन में वृद्धि करना है। यह कदम इथियोपिया को चीनी आयात करने में इस्तेमाल होने वाली पर्याप्त विदेशी मुद्रा खर्च करने से बचाएगा। इस क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से आय में वृद्धि होगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा जो मुख्य रूप में गन्ना बागानों पर निर्भर है। घरेलू चीनी की मांग को पूरा करने के अलावा, परिष्कृत और कच्ची चीनी के निर्यात के अवसर पैदा होंगे, जो इथियोपिया में गन्ने की खेती के लिए मौजूदा माहौल को देखते हुए देश में विदेशी मुद्रा प्रवाह को सक्षम करेगा।