पुणे: महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसान संगठनों ने दिवाली के दौरान चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से समय से पहले गन्ना पेराई शुरू करने के प्रयासों का विरोध किया है। किसानों ने कम रिकवरी से होने वाले नुकसान की भरपाई के साथ-साथ चीनी और एथेनॉल के दाम बढ़ाने की मांग की है। द इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, किसानों ने कहा है कि उनकी मांगें पूरी होने तक चीनी मिलों को पेराई शुरू नहीं करनी चाहिए।
किसान संगठनों ने चीनी मिलों और गन्ना उत्पादकों से अपील की है कि, मांगों पर निर्णय होने तक गन्ने की कटाई और पेराई शुरू न की जाए। उनका कहना है कि अपरिपक्व गन्ने की पेराई करने से गन्ने की उपज और चीनी की रिकवरी दोनों प्रभावित हो सकती हैं, जिससे किसानों और चीनी मिलों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने किसान संगठनों की मांगों पर चर्चा के लिए 12 अक्टूबर को बैठक बुलाई है।
किसान नेताओं का कहना है कि, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी और एथेनॉल के दाम बढ़ने से चीनी मिलों की किसानों को गन्ने का बेहतर भुगतान करने की क्षमता बढ़ेगी।एक किसान नेता ने कहा, “सिर्फ त्योहारों के मौसम में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किसानों और चीनी मिलों को नुकसान क्यों उठाना चाहिए?” किसान नेताओं के मुताबिक, अपरिपक्व गन्ने की पेराई से प्रति एकड़ करीब छह टन तक उत्पादन कम हो सकता है। इससे किसानों को लगभग 20 हजार रुपये प्रति एकड़ का आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। उनका कहना है कि, नवंबर के बाद गन्ने में सुक्रोज की मात्रा सामान्य तौर पर बढ़ती है, इसलिए समय से पहले पेराई करने पर चीनी की रिकवरी भी कम हो सकती है।
उत्पादन के अनुमान में कमी और निर्यात के कारण घरेलू स्टॉक घटने के बाद पिछले छह महीनों में भारत की स्थिति चीनी निर्यातक से बदलकर आयातक देश की हो गई है। इसके चलते चीनी की कीमतें ऐतिहासिक रूप से ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं।चीनी की कीमतों पर नियंत्रण और घरेलू बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी मिलों से करीब एक महीने पहले पेराई शुरू करने को कहा है। इसी मुद्दे को लेकर किसान संगठनों ने पिछले सप्ताह हुबली में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। किसानों ने समय से पहले गन्ना पेराई के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई की मांग की। किसान नेताओं का दावा है कि भारत की करीब आधी चीनी का उत्पादन महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा के दोनों ओर स्थित चीनी मिलों में होता है। इन क्षेत्रों में इस समय सूखे जैसी परिस्थितियां भी बनी हुई हैं।
अगले साल भी पड़ सकता है कम रिकवरी का असर
किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि, इस सीजन में चीनी की रिकवरी कम रहने का असर अगले वर्ष किसानों को मिलने वाले गन्ने के भुगतान पर भी पड़ सकता है। इसकी वजह यह है कि गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) चीनी की रिकवरी से जुड़ा हुआ है। किसान नेताओं के अनुसार, यदि चीनी की रिकवरी निर्धारित स्तर से नीचे रहती है तो चीनी मिलों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौजूदा व्यवस्था के तहत मिलों को 10.25 प्रतिशत रिकवरी के लिए लागू न्यूनतम एफआरपी का भुगतान करना होता है, भले ही उनकी वास्तविक चीनी रिकवरी इससे कम क्यों न हो।















