नॉरफोक : ब्रिटेन के राष्ट्रीय किसान संघ (NFU) ने ब्रिटिश शुगर के नॉरफोक स्थित कैंटली चीनी मिल को बंद करने के फैसले की कड़ी आलोचना की है। 114 वर्षों से संचालित यह मिल ब्रिटेन की सबसे पुरानी चीनी उत्पादन इकाई है। इसके बंद होने से 104 नौकरियों पर संकट पैदा हो गया है। ग्रेट यारमाउथ के पास स्थित कैंटली मिल में उत्पादन फरवरी 2027 तक बंद किया जा सकता है। NFU ने इस फैसले पर गहरी निराशा जताते हुए कहा कि संगठन इस निर्णय से बेहद निराश है।
दक्षता बढ़ाने के लिए लिया गया फैसला: ब्रिटिश शुगर
ब्रिटेन की सबसे बड़ी चीनी आपूर्तिकर्ता कंपनी ब्रिटिश शुगर ने इस सप्ताह की शुरुआत में मिल बंद करने की योजना की घोषणा की थी। कंपनी का कहना है कि, यह फैसला दक्षता में सुधार और ब्रिटेन के चीनी उद्योग के दीर्घकालिक भविष्य को मजबूत करने के लिए लिया गया है। नॉरफोक काउंटी काउंसिल प्रभावित कर्मचारियों को नौकरी से संबंधित सहायता देने के लिए आगे आएगी। इसके तहत कर्मचारियों को रोजगार बाजार में अवसर तलाशने, उपलब्ध सरकारी लाभ और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी हासिल करने में मदद दी जाएगी। कर्मचारियों को सीवी अपडेट करने, नौकरी के आवेदन भरने और साक्षात्कार की तैयारी में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
नॉरफोक काउंटी काउंसिल में व्यवसाय, कौशल और कृषि मामलों के कैबिनेट सदस्य कबीर खेर ने कहा कि, कैंटली उत्पादन प्लांट बंद होने की खबर कर्मचारियों के लिए बेहद बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि, नौकरी गंवाना या नौकरी जाने की आशंका का सामना करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में काउंसिल की सहायता सेवा साझेदार संगठनों के साथ मिलकर प्रभावित लोगों को आगे की राह तय करने में मदद करेगी।
तीन चीनी मिलों में परामर्श प्रक्रिया
ब्रिटिश शुगर ने कहा कि, प्रस्तावित बदलावों को लेकर परामर्श प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें पश्चिमी नॉरफोक स्थित विसिंगटन, सफोक स्थित बरी सेंट एडमंड्स और नॉटिंघमशायर स्थित नेवार्क में चुकंदर प्रसंस्करण गतिविधियों पर भी चर्चा होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कैंटली में सभी नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। इस संबंध में यूनाइट द यूनियन और अन्य कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शुरू की जाएगी।
1912 में शुरू हुई थी कैंटली मिल
कैंटली मिल ने 1912 में काम शुरू किया था और यह ब्रिटेन की पहली शुगर बीट प्रसंस्करण फैक्ट्री थी। पिछले वर्ष ही ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से इस संयंत्र में 11 मिलियन पाउंड का उन्नयन किया गया था। स्थानीय कंजरवेटिव सांसद जेरोम मेह्यू ने इस खबर को ‘विनाशकारी’ बताया। उनके अनुसार, ब्रिटिश शुगर ने उन्हें बताया है कि यह संयंत्र पिछले तीन वर्षों से घाटे में चल रहा था और लंबे समय में चीनी की मांग में गिरावट आई है। कंपनी ने अपने बयान में कैंटली से जुड़े सभी किसानों से 2027/28 के चीनी उत्पादन सत्र और उसके बाद भी शुगर बीट की खेती जारी रखने का आह्वान किया है।
किसानों को दीर्घकालिक सुरक्षा देने की मांग
ब्रिटिश शुगर के परामर्श पर प्रतिक्रिया देते हुए NFU शुगर बोर्ड के अध्यक्ष किट पापवर्थ ने कहा कि संगठन इस बात से संतुष्ट है कि 2027/28 की फसल के लिए किसी भी किसान को आर्थिक नुकसान नहीं होने देने की कंपनी ने प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, NFU इस आश्वासन को स्थायी बनाए जाने की मांग कर रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को उद्योग के दीर्घकालिक भविष्य में निवेश करने का भरोसा मिल सके। उन्होंने कहा कि कैंटली को आपूर्ति करने वाले किसान दशकों से इस उद्योग का समर्थन करते आए हैं और प्रस्तावित बंदी तथा इसके उनके कृषि व्यवसायों पर संभावित प्रभाव को लेकर स्वाभाविक रूप से चिंतित हैं।
NFU शुगर ने यह भी चिंता जताई कि फैक्ट्री बंद होने से ब्रिटिश शुगर घरेलू स्तर पर उगाए जाने वाले शुगर बीट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता कम कर सकती है। संगठन ने कहा कि आयातित चीनी का उत्पादन ऐसे तरीकों से किया जा सकता है, जो ब्रिटेन में गैरकानूनी हैं। NFU शुगर ने ब्रिटिश शुगर से सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट प्रतिबद्धता देने की मांग की है कि ब्रिटेन में उत्पादित शुगर बीट की जगह आयातित बीट या गन्ने की चीनी को नहीं लाया जाएगा। NFU के अनुसार, ब्रिटेन के शुगर बीट उद्योग के भविष्य के लिए यह एक महत्वपूर्ण समय है और किसानों को अपने व्यवसायों के लिए स्पष्टता तथा दीर्घकालिक भरोसे की आवश्यकता है।


















