नई दिल्ली: नमक, चीनी या वसा की अधिक मात्रा वाले पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर जल्द ही प्रमुखता से लाल चेतावनी लेबल दिखाई देंगे। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि, वह खाद्य पैकेटों के सामने वाले हिस्से पर लाल रंग के षट्कोणीय चेतावनी लेबल लगाने के प्रस्ताव पर सहमत है।
द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, FSSAI ने फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग (FoPL) को लेकर सुप्रीम कोर्ट के 13 अगस्त के आदेश के जवाब में दाखिल किए गए अनुपालन हलफनामे में अपना निर्णय बताया है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, निर्धारित पोषक तत्वों की सीमा से अधिक मात्रा वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने लाल रंग के षट्कोणीय चेतावनी चिह्न लगाए जाएंगे। इनमें उत्पाद के अनुसार “HIGH FAT” (उच्च वसा), “HIGH SALT” (उच्च नमक) और/या “HIGH SUGAR” (उच्च चीनी) लिखा होगा।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उठाया गया कदम
यह कदम सुप्रीम कोर्ट की ओर से फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग को लागू करने के लिए लगातार जोर दिए जाने के बाद उठाया गया है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा था कि, उसे इस संबंध में अपने स्तर पर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ऐसा नहीं होने पर कोर्ट की ओर से आगे आवश्यक निर्देश जारी किए जा सकते हैं। FSSAI ने एकल-घटक वाले खाद्य पदार्थों को प्रस्तावित चेतावनी लेबल से बाहर रखने पर भी सहमति जताई है। इनमें घी, खाद्य तेल, नमक, चीनी, गुड़ और शहद शामिल हैं। हालांकि, इन उत्पादों पर लागू खाद्य सुरक्षा और लेबलिंग नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
चरणबद्ध तरीके से लागू होगी व्यवस्था
FSSAI ने खाद्य उद्योग को अपने उत्पादों में आवश्यक बदलाव करने के लिए समय देने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से चेतावनी लेबल लागू करने का प्रस्ताव रखा है। पहले चरण में उन खाद्य उत्पादों को शामिल किया जाएगा, जिनमें निर्धारित पोषक तत्वों में से दो या उससे अधिक की मात्रा अधिक होगी। दूसरे चरण में उन उत्पादों पर भी चेतावनी लेबल लागू किया जाएगा, जिनमें निर्धारित पोषक तत्वों में से किसी एक की मात्रा अधिक होगी। इन पोषक तत्वों की सीमा भारतीयों के लिए आहार संबंधी दिशानिर्देश, 2024 के आधार पर तय की जाएगी। ये दिशानिर्देश भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN) द्वारा जारी किए गए हैं।
बच्चों में बढ़ते मोटापे को लेकर चिंता
FSSAI का यह हलफनामा सुप्रीम कोर्ट की सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंता के बीच आया है। खास तौर पर बच्चों में मोटापे की बढ़ती समस्या को लेकर कोर्ट ने चिंता जताई है। सुप्रीम कोर्ट ने माना है कि खाद्य पैकेट के सामने स्पष्ट चेतावनी लेबल होने से उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसके पोषण संबंधी गुणों को समझने और अधिक सूचित निर्णय लेने में मदद मिल सकती है।

















