नई दिल्ली : केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि, सरकार बदलती सामाजिक जरूरतों को पूरा करने और पेंशन से जुड़ी सेवाओं को नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाए रखने के लिए पेंशन नियमों और प्रक्रियाओं में लगातार सुधार कर रही है। नई दिल्ली में आयोजित 9वें राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार समारोह और 60वें सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे सामाजिक परिस्थितियां और मूल्य बदलते हैं, वैसे-वैसे पेंशन नीतियों में भी बदलाव आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि, सरकार सुधार की प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ के अनुरूप सरकार भी लगातार सुधारों को आगे बढ़ा रही है, क्योंकि सामाजिक जरूरतों को पूरा करना आवश्यक है।जितेंद्र सिंह ने पिछले कुछ वर्षों में किए गए कई सुधारों का उल्लेख किया। इनमें पारिवारिक पेंशन के प्रावधानों में बदलाव और पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाना शामिल है। उन्होंने बताया कि, तलाकशुदा और अलग रह रही बेटियों को भी पारिवारिक पेंशन का लाभ देने के लिए प्रावधानों में बदलाव किया गया है।
इसके अलावा महिला सरकारी कर्मचारियों को अपने बच्चों को पारिवारिक पेंशन के लिए नामित करने में अधिक स्वतंत्रता दी गई है।अब वे पति के बजाय अपने बेटे या बेटी को नामित कर सकती हैं। मंत्री ने सरकारी कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु होने की स्थिति में परिवार को मिलने वाली बढ़ी हुई पारिवारिक पेंशन से जुड़े बदलावों की भी जानकारी दी।उन्होंने कहा कि, बढ़ी हुई दर पर पारिवारिक पेंशन अंतिम वेतन की 50 प्रतिशत राशि तक 10 वर्षों के लिए दी जाती है।
सरकार ने सेवा के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर बढ़ी हुई पारिवारिक पेंशन के लिए न्यूनतम सेवा अवधि की शर्त की भी समीक्षा की है।सिंह ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार को अधिक सहायता की आवश्यकता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम सात वर्ष की सेवा से जुड़ी शर्त को समाप्त किया गया।
सरकार ने पेंशन फॉर्म और प्रक्रियाओं को भी सरल बनाया है, ताकि अनावश्यक कागजी कार्रवाई कम हो और पेंशनभोगियों के लिए पूरी प्रक्रिया आसान हो सके।वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार ने डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी तकनीक आधारित सुविधाएं भी शुरू की हैं।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत में 40 वर्ष से कम उम्र की आबादी बड़ी संख्या में है, लेकिन इसके साथ ही देश में वरिष्ठ नागरिकों की कुल संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इसलिए बुजुर्गों के कल्याण और उन्हें आवश्यक सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनाना और उनकी क्षमताओं तथा अनुभव का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है।
मंत्री ने कहा कि पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग अपनी सुधार प्रक्रिया के तहत पेंशनभोगियों और अन्य संबंधित पक्षों से मिलने वाले सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि बदलती सामाजिक जरूरतों और नागरिकों के अनुभवों के आधार पर पेंशन नियमों और प्रक्रियाओं की समीक्षा आगे भी जारी रहेगी।















