कानपुर : देशभर में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) के लागू होने को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच आईआईटी कानपुर के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि, उनके अध्ययन में E20 ईंधन से न तो इंजन को किसी प्रकार का नुकसान होने के प्रमाण मिले हैं और न ही ईंधन दक्षता (माइलेज) में कोई बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। यह निष्कर्ष नए और पुराने दोनों प्रकार के वाहनों पर किए गए परीक्षणों के आधार पर सामने आया है।
यह दावा ऐसे समय में आया है, जब पिछले सप्ताह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि, कुछ वाहनों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज में अधिकतम 5 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। हालांकि मंत्रालय का कहना था कि इसके बावजूद यह ईंधन जीवनचक्र के दौरान कार्बन उत्सर्जन कम करने जैसे कई महत्वपूर्ण पर्यावरणीय लाभ प्रदान करता है।
आईआईटी कानपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की इंजन रिसर्च लेबोरेटरी में प्रोजेक्ट साइंटिस्ट ध्रुव राज कराना ने बताया कि, संस्थान में किए गए शोध के अनुसार E20 ईंधन के उपयोग से माइलेज में 5 प्रतिशत से भी कम की कमी देखी गई। उन्होंने कहा कि माइलेज में अधिकतम 5 प्रतिशत तक की गिरावट केवल ईंधन की वजह से नहीं होती, बल्कि अन्य कई कारण भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। यहां तक कि शुद्ध पेट्रोल के साथ लगातार किए गए परीक्षणों में भी ऐसे ही परिणाम सामने आ सकते हैं।
कराना ने बताया कि, व्यापक परीक्षणों से यह भी साबित हुआ है कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से इंजन को नुकसान, जंग (कोरोजन) या किसी अन्य तकनीकी समस्या का कोई प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने सोशल मीडिया पर E20 से वाहनों को नुकसान होने संबंधी दावों को वैज्ञानिक आधारहीन बताया और वाहन चालकों को सलाह दी कि वे अपुष्ट ऑनलाइन जानकारी पर भरोसा करने के बजाय अपने वाहन निर्माता की गाइडलाइन और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने यह भी बताया कि प्रोफेसर अविनाश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आईआईटी कानपुर की इंजन रिसर्च लेबोरेटरी लंबे समय से एथेनॉल मिश्रित ईंधनों पर व्यापक शोध कर रही है।

















