निर्यात में विविधता आने पर 2030 तक 50 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है भारत-जापान व्यापार: ASSOCHAM

नई दिल्ली: भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय व्यापार मौजूदा 27.47 अरब डॉलर (2025-26) से बढ़कर वर्ष 2030 तक 50 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। उद्योग संगठन एसोचैम (ASSOCHAM) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि, निर्यात में विविधता, व्यापार समझौते को बेहतर बनाना और दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंधों को और मजबूत करना इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार, जापान के कुल वैश्विक आयात में भारत की हिस्सेदारी अभी भी 1 प्रतिशत से कम है। ऐसे में भारतीय निर्यातकों के लिए जापान के बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और समुद्री उत्पाद जैसे क्षेत्रों में निर्यात बढ़ाया जा सकता है। एसोचैम के मुख्य अर्थशास्त्री एस. पी. शर्मा ने कहा कि बढ़ती आर्थिक पूरकता और दोनों देशों के बीच गहरे कारोबारी संबंधों के समर्थन से भारत-जापान द्विपक्षीय व्यापार 2030 तक 50 अरब डॉलर तक पहुंचने की क्षमता रखता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पांच वर्षों में व्यापार करीब 79% बढ़ा

भारत-जापान के बीच वस्तु व्यापार 2020-21 में 15.36 अरब डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 27.47 अरब डॉलर हो गया है। यानी पांच वर्षों में इसमें करीब 79 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि, व्यापार संतुलन अभी भी जापान के पक्ष में है। वर्ष 2025-26 में भारत ने जापान से 21.43 अरब डॉलर का आयात किया, जबकि भारत का जापान को निर्यात केवल 6.04 अरब डॉलर रहा।

उच्च मूल्य वाले उत्पादों पर जोर

एसोचैम के अनुसार, भारत को जापान के बड़े आयात बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए उच्च मूल्य वाले उत्पादों की ओर बढ़ना होगा। रिपोर्ट में फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, मशीनरी एवं मैकेनिकल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स और समुद्री उत्पादों को सबसे अधिक निर्यात क्षमता वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है। 2025 में जापान के कुल वैश्विक आयात में भारत की हिस्सेदारी 0.93 प्रतिशत थी। हालांकि, ऑर्गेनिक केमिकल्स में भारत की हिस्सेदारी 6.33 प्रतिशत और ऑटोमोबाइल तथा ऑटो कंपोनेंट्स में 4.4 प्रतिशत रही। इससे संकेत मिलता है कि इन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों ने जापानी बाजार में पहले से मजबूत उपस्थिति बनाई है।

15 साल पुराने व्यापार समझौते को अपग्रेड करने की जरूरत

रिपोर्ट में भारत-जापान व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) को भी अपग्रेड करने की जरूरत बताई गई है। यह समझौता करीब 15 वर्ष पुराना है। एसोचैम ने गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करने और जापानी बाजार में प्रवेश की कोशिश कर रहे भारतीय एमएसएमई को अधिक सहायता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। एसोचैम के अनुसार, पारंपरिक वस्तु व्यापार पर निर्भर रहने के बजाय दोनों देशों को भारत के निर्यात को वैल्यू चेन में ऊपर ले जाने पर ध्यान देना चाहिए। फार्मास्यूटिकल्स, आईटी सेवाओं और नवीकरणीय ऊर्जा तकनीक को विस्तार की संभावनाओं वाले प्रमुख क्षेत्रों के रूप में देखा गया है।

जापानी निवेश से भी मिलेगा बढ़ावा

जापान का निवेश भी भारत-जापान आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, जापान ने अगले दशक में भारत में 10 ट्रिलियन जापानी येन (करीब 5.5 लाख करोड़ रुपये) निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा, निजी क्षेत्र के स्तर पर 129 समझौतों के जरिए 2 ट्रिलियन जापानी येन (करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये) से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता पहले ही की जा चुकी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारत-जापान संबंधों के अगले चरण में नियामकीय प्रक्रियाओं को आसान बनाने, दोनों दिशाओं में तकनीकी हस्तांतरण को मजबूत करने और अधिक भारतीय एमएसएमई को जापान तथा वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने पर ध्यान देना चाहिए। इससे भारतीय कंपनियों के लिए जापान के बाजार में विस्तार के साथ-साथ वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में अपनी भूमिका मजबूत करने के अवसर बढ़ सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here