नवी दिल्ली : केंद्रीय आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने आगामी चीनी सत्र के लिए गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय शुगर और बायो एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने 2026–27 सत्र के लिए एफआरपी में 10 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि कर इसे 365 रुपये प्रति क्विंटल करने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है।
ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, यह प्रगतिशील और किसान-हितैषी कदम किसानों के कल्याण और ग्रामीण समृद्धि को मजबूत करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि, संशोधित एफआरपी से देशभर के लगभग 5.5 करोड़ गन्ना किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। अनुमान है कि इस बढ़ोतरी से किसानों को अतिरिक्त 15,000 से 20,000 करोड़ रुपये की आय होगी, जिससे आगामी सत्र में कुल गन्ना भुगतान लगभग 1.3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। इससे ग्रामीण मांग को बढ़ावा मिलेगा और विशेष रूप से गन्ना उत्पादक क्षेत्रों की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि, गन्ने के संशोधित एफआरपी के अनुरूप चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) और एथेनॉल खरीद कीमतों में भी संशोधन करना जरूरी है। ऐसा करने से किसानों से लेकर चीनी मिलों तक पूरी वैल्यू चेन की वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित हो सकेगी। बल्लानी ने बताया कि, एफआरपी में बढ़ोतरी जहां किसानों के लिए फायदेमंद है, वहीं इससे चीनी मिलों की कच्चे माल की लागत भी बढ़ती है। ऐसे में चीनी के MSP और एथेनॉल कीमतों में समानुपातिक वृद्धि मिलों को अतिरिक्त लागत वहन करने में मदद करेगी और समय पर गन्ना भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने यह भी चिंता जताई कि, एथेनॉल आवंटन में कमी के कारण डिस्टिलेशन क्षमता और घरेलू खपत के बीच असंतुलन बढ़ रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा और उद्योग पर वित्तीय दबाव बढ़ रहा है।ISMA ने सुझाव दिया कि, चीनी और एथेनॉल कीमतों में समय पर संशोधन, संतुलित एथेनॉल आवंटन, और उच्च मिश्रण (E20 से आगे E22, E25, E27, E85/E100) की दिशा में ठोस रोडमैप तैयार करना आवश्यक है। साथ ही फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों (FFVs) के तेजी से प्रसार और जीएसटी में तर्कसंगत सुधार से एथेनॉल की मांग को बढ़ावा दिया जा सकता है।इस्मा’ ने विश्वास जताया कि, सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी और किसानों व चीनी उद्योग दोनों के हितों को संतुलित रूप से आगे बढ़ाएगी।


















