नागपुर : महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चन्द्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को कहा कि, नागपुर के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद नागपुर के अंबाझरी बांध के ओवरफ्लो होने के बाद राज्य सरकार स्थिति पर नजर रख रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दृश्यों में एनडीआरएफ की एक टीम को बचाव अभियान चलाते हुए, लोगों को बाढ़ वाले घरों और सड़कों से बाहर निकलने में मदद करते हुए दिखाया गया है।
नागपुर में कैनाल रोड रामदासपेठ में भी जलभराव की सूचना मिली है, जहां स्थानीय लोग अपने घरों में फंस गए हैं क्योंकि बाढ़ का पानी उनके घरों में घुस गया है। भाजपा नेता चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि, शहर में शुक्रवार रात केवल 3 घंटों में 110 मिमी बारिश हुई और राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) की एक टीम ने 15 लोगों को निकाला। कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है।उन्होंने कहा कि, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्थिति पर नजर रख रहे है। उन्होंने कहा, शाम तक भारी बारिश का अलर्ट है, और लोगों को आज अपने घरों से निकलने से बचना चाहिए।
इस बीच, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम ने शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद अंबाझरी झील क्षेत्र में फंसे छह लोगों को निकाला। एनडीआरएफ ने कहा कि, लोगों को बचाने के लिए बारिश प्रभावित इलाके में एक टीम तैनात की गई है।सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में, कार्यालय जाने वाले लोगों को पानी से भरी सड़कों और जलमग्न सार्वजनिक परिवहन बसों से गुजरते देखा गया।
एनडीआरएफ ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, बचाव अभियान अभी भी जारी है।एनडीआरएफ की एक टीम ने बाढ़ के पानी में बचाव अभियान चलाया और अंबाझरी झील क्षेत्र से 6 लोगों को सुरक्षित निकाला। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (मुंबई) ने पहले ही तीन दिनों तक महाराष्ट्र के कोंकण और मध्य के घाट क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी।