नई दिल्ली : देश के प्रमुख मक्का उत्पादक राज्यों में खरीफ सीजन के दौरान मक्का का रकबा 13 प्रतिशत से अधिक घटने के कारण वर्ष 2026-27 में सरकार के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की निर्भरता गन्ना और चावल पर बढ़ने की संभावना है। कर्नाटक में मक्का क्षेत्रफल में सबसे अधिक 34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एथेनॉल उत्पादन के लिए आवश्यक कच्चे माल की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, 30 सितंबर को चीनी सीजन समाप्त होने तक चीनी का समापन भंडार काफी कम रहने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सरकार को एथेनॉल उत्पादन के लिए अंततः चावल का अधिक उपयोग करना पड़ सकता है। इससे विशेषकर कुछ गैर-बासमती चावल किस्मों की कीमतों पर दबाव बढ़ने की संभावना है, जिनकी मांग पहले ही बढ़ने लगी है।
सरकार को पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ईबीपी) लक्ष्य हासिल करने के लिए लगभग 1,100 करोड़ लीटर इथेनॉल की आवश्यकता होगी। देश में करीब 2,000 करोड़ लीटर एथेनॉल उत्पादन क्षमता विकसित की जा चुकी है, जिसमें लगभग 900 करोड़ लीटर क्षमता चीनी उद्योग के पास है, जबकि शेष क्षमता अनाज आधारित इकाइयों के पास है। ताजा फसल कवरेज आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष गन्ने की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है और 57.58 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती दर्ज की गई है, जबकि 2025 में अंतिम गन्ना क्षेत्रफल 58.84 लाख हेक्टेयर था।
शीर्ष तीन गन्ना उत्पादक राज्यों में उत्तर प्रदेश में 28.97 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना बोया गया है, जो पिछले वर्ष 28.61 लाख हेक्टेयर था। महाराष्ट्र में यह बढ़कर 11.82 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि पिछले वर्ष 11.47 लाख हेक्टेयर था। कर्नाटक में गन्ना क्षेत्रफल 6.08 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 6.61 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है। इसके विपरीत, 24 जुलाई तक देशभर में मक्का का क्षेत्रफल 9.7 प्रतिशत घटकर 77.79 लाख हेक्टेयर रह गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 86.15 लाख हेक्टेयर था। हालांकि मध्य प्रदेश में मक्का का रकबा 8.2 प्रतिशत बढ़कर 25.61 लाख हेक्टेयर हो गया है। दूसरी ओर महाराष्ट्र में यह घटकर 11.27 लाख हेक्टेयर, राजस्थान में 9.08 लाख हेक्टेयर और उत्तर प्रदेश में 4.43 लाख हेक्टेयर रह गया है। कर्नाटक में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
धान की बुवाई के मोर्चे पर उत्तर प्रदेश में 4.2 प्रतिशत वृद्धि के साथ 57.8 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है। पंजाब में 31.66 लाख हेक्टेयर, बिहार में 36.4 प्रतिशत वृद्धि के साथ 17.58 लाख हेक्टेयर, असम में 73 प्रतिशत बढ़कर 11.68 लाख हेक्टेयर और आंध्र प्रदेश में 6 प्रतिशत वृद्धि के साथ 4.74 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान बोया गया है।छत्तीसगढ़ और ओडिशा में धान का रकबा पिछले वर्ष की तुलना में 1 से 1.6 लाख हेक्टेयर कम है, लेकिन वर्तमान वर्षा के बाद इसमें सुधार की संभावना जताई जा रही है। वहीं मध्य प्रदेश में धान का क्षेत्रफल 29 प्रतिशत घटकर 19.54 लाख हेक्टेयर रह गया है। महाराष्ट्र में भी धान का रकबा 8.59 लाख हेक्टेयर से घटकर 4.9 लाख हेक्टेयर पर आ गया है। पश्चिम बंगाल, हरियाणा, तेलंगाना और ओडिशा में भी धान क्षेत्रफल में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
ग्रेन एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (जीईएमए) के अध्यक्ष सी. के. जैन ने ‘द हिंदू बिजनेसलाइन’ से बातचीत में कहा कि, भारत का एथेनॉल तंत्र अब विविध फसलों पर आधारित हो चुका है, जिससे किसी एक फसल या मौसम पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने कहा कि खरीफ, रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों से इथेनॉल उत्पादन के लिए कच्चे माल की उपलब्धता बनी रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार द्वारा हाल ही में सरकारी भंडार में टूटे चावल (ब्रोकन राइस) का हिस्सा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने के निर्णय से उद्योगों, विशेषकर एथेनॉल उत्पादन के लिए टूटे चावल की उपलब्धता बढ़ेगी और इससे खाद्य सुरक्षा पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। एथेनॉल उत्पादन संकटसी. के. जैन के अनुसार, खरीफ की नई फसल बाजार में आने के साथ एथेनॉल संयंत्रों के लिए कच्चे माल की उपलब्धता और मजबूत होगी। भारत अभी भी मक्का उत्पादन में अधिशेष देश है, जिससे एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की आवश्यकताओं को पूरा करने में उद्योग को पर्याप्त भरोसा है।


















