जून 2022 के दौरान मानसून की बारिश सामान्य रही : केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली : लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा कि, पूरे देश में जून 2022 के दौरान मानसून की बारिश सामान्य रही। उन्होंने बताया कि, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में अधिक और मध्य भारत में कम बारिश हुई। जून 2022 के दौरान पूरे देश के लिए मानसून की बारिश सामान्य लंबी अवधि के औसत (एलपीए) का 92% थी। 1971-2020 के आंकड़ों के आधार पर जून महीने की बारिश का एलपीए 165.4 मिमी है। जून में बारिश को सामान्य कहा जाता है अगर यह एलपीए के 92 से 108 फीसदी के भीतर हो।

मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा, इस साल केरल में मानसून की शुरुआत 29 मई, 2022 को हुई थी, जो 1 जून की सामान्य तिथि से 3 दिन आगे थी और इसने 8 जुलाई की सामान्य तिथि के मुकाबले 2 जुलाई, 2022 को पूरे देश को कवर कर लिया है। मध्य भारत में कम दबाव प्रणाली के गठन और गति के कारण जुलाई में मानसून सक्रिय रहा और मानसून की ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में स्थित है।

आईएमडी द्वारा जारी एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए, डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, मेघालय और नागालैंड इन पांच राज्यों में हाल के 30 वर्षों की अवधि (1989-2018) के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा में उल्लेखनीय कमी देखी है। अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ इन पांच राज्यों में वार्षिक वर्षा में भी उल्लेखनीय कमी आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here