मुंबई : भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को 2.87 लाख करोड़ रुपये का अधिशेष (डिविडेंड) हस्तांतरित करने को मंजूरी दी है।यह केंद्रीय बैंक द्वारा अब तक दिए गए सबसे बड़े लाभांशों में से एक माना जा रहा है। यह फैसला मुंबई में आयोजित आरबीआई के केंद्रीय निदेशक मंडल की 623वीं बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने की।आरबीआई ने अपने बयान में कहा कि, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को 2,86,588.46 करोड़ रुपये का अधिशेष हस्तांतरित किया जाएगा।
केंद्रीय बैंक के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी सकल आय में पिछले वर्ष की तुलना में 26.42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि जोखिम प्रावधानों से पहले व्यय में 27.60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।आरबीआई ने बताया कि, जोखिम प्रावधानों और वैधानिक निधियों में हस्तांतरण से पहले उसकी शुद्ध आय 3,95,972.10 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष में 3,13,455.77 करोड़ रुपये थी।
31 मार्च 2026 तक आरबीआई की बैलेंस शीट का आकार 20.61 प्रतिशत बढ़कर 91,97,121.08 करोड़ रुपये हो गया। केंद्रीय बैंक ने यह भी बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आकस्मिक जोखिम बफर (सीआरबी) के तहत 1,09,379.64 करोड़ रुपये स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। पिछले वर्ष यह राशि 44,861.70 करोड़ रुपये थी।आरबीआई ने सीआरबी को बैलेंस शीट के 6.5 प्रतिशत स्तर पर बनाए रखा है।बैठक में वैश्विक और घरेलू आर्थिक परिस्थितियों के साथ भविष्य के जोखिमों की भी समीक्षा की गई। इस बैठक में उप-गवर्नर स्वामीनाथन जे, पूनम गुप्ता, शिरीष चंद्र मुर्मू और रोहित जैन समेत केंद्रीय बोर्ड के अन्य निदेशक मौजूद रहे।


















