नई दिल्ली: खुदरा और थोक महंगाई में लगातार बढ़ोतरी के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) पर नीतिगत रेपो रेट बढ़ाने का दबाव बन सकता है। सिस्टमैटिक्स इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा 5.25 प्रतिशत रेपो रेट बढ़कर करीब 6.5 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, बढ़ती महंगाई से वास्तविक ब्याज दरों के नकारात्मक होने का जोखिम बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई का दबाव अब अर्थव्यवस्था के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। अगस्त में खुदरा महंगाई (CPI) बढ़कर 4.82 प्रतिशत हो गई, जो जुलाई में 4.45 प्रतिशत थी। यह लगातार तीसरा महीना रहा जब महंगाई RBI के 4 प्रतिशत के लक्ष्य के मध्य बिंदु से ऊपर रही। अगस्त में खाद्य महंगाई बढ़कर 5.95 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण महंगाई 5.23 प्रतिशत रही, जबकि शहरी महंगाई 4.31 प्रतिशत दर्ज की गई।
WPI महंगाई ने भी बढ़ाया दबाव
थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई भी बढ़ी है। अगस्त में WPI महंगाई 9.92 प्रतिशत रही, जबकि जुलाई में यह 9.78 प्रतिशत थी। रिपोर्ट के मुताबिक, ईंधन महंगाई 20.05 प्रतिशत से बढ़कर 22.93 प्रतिशत हो गई। विनिर्मित उत्पादों में महंगाई 8.37 प्रतिशत, खाद्य वस्तुओं में 7.05 प्रतिशत और प्राथमिक वस्तुओं में 7.76 प्रतिशत रही।Systematix के अनुसार, कीमतों पर दबाव का सबसे बड़ा कारण खाद्य क्षेत्र बना हुआ है। कुछ सब्जियों और मसालों की कीमतों में तेजी इसका प्रमुख कारण है। इसके अलावा पश्चिम एशिया से जुड़े वैश्विक घटनाक्रमों समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय कारणों से ईंधन और ऊर्जा लागत बढ़ने तथा विनिर्माण और इनपुट लागत में इजाफे से महंगाई का दबाव और व्यापक हो रहा है। रिपोर्ट में कोर महंगाई के बढ़कर 4.2 प्रतिशत होने का भी उल्लेख किया गया है।
अक्टूबर-नवंबर तक 6% पार कर सकती है महंगाई
ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि महंगाई में बढ़ोतरी का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है और अक्टूबर-नवंबर तक यह 6 प्रतिशत के स्तर को पार कर सकती है। इसके पीछे ऊंची थोक महंगाई, खाद्य आपूर्ति पर अल नीनो से जुड़े जोखिम और लंबे समय से ऊंची बनी कच्चे तेल की कीमतों को प्रमुख कारण बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, WPI महंगाई करीब 9.9 प्रतिशत और CPI महंगाई 4.8 प्रतिशत के बीच बड़ा अंतर यह संकेत देता है कि कंपनियां अब तक इनपुट लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही हैं।
कंपनियों की लागत पर भी दिख रहा असर
Systematix की रिपोर्ट में कहा गया है कि, महंगाई का दबाव विनिर्माण क्षेत्र की कंपनियों की लागत में भी दिखाई देने लगा है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के अंतरिम नतीजों के अनुसार, विनिर्माण क्षेत्र की बिक्री में सालाना आधार पर 25.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि कच्चे माल की लागत में 40 प्रतिशत का इजाफा हुआ। इसके परिणामस्वरूप मूल्यवर्धन में नाममात्र आधार पर 4.5 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं, कच्चे माल की लागत और बिक्री का अनुपात आठ प्रतिशत से अधिक बढ़कर 75.3 प्रतिशत हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, यह आने वाले समय में महंगाई के और बढ़ने का संकेत हो सकता है।
6.5% रेपो रेट की संभावना क्यों?
इन परिस्थितियों में Systematix ने मौद्रिक नीति को सख्त करने के पक्ष में मजबूत आधार बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, यदि वास्तविक ब्याज दर कम से कम 1 प्रतिशत रखनी है, तो रेपो रेट करीब 6.5 प्रतिशत तक होना चाहिए। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि लंबे समय तक वास्तविक ब्याज दरों के नकारात्मक या लगभग शून्य रहने से कर्ज आधारित खपत को बढ़ावा मिल सकता है और बचत पर असर पड़ सकता है। साथ ही, यदि महंगाई व्यापक रूप लेती है तो केंद्रीय बैंक के पास प्रतिक्रिया देने की गुंजाइश भी कम हो सकती है।
Systematix ने कहा है कि रेपो रेट को लगातार नरम बनाए रखने के बजाय वास्तविक ब्याज दर को स्पष्ट रूप से सकारात्मक स्तर पर ले जाने की दिशा में बदलाव संभव है। रिपोर्ट में अक्टूबर की शुरुआत में होने वाली MPC बैठक को इस संभावित बदलाव के शुरुआती संकेतों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।
महंगाई से बढ़ सकता है स्टैगफ्लेशन का दबाव
रिपोर्ट ने यह भी चेतावनी दी है कि, अगर महंगाई लंबे समय तक ऊंची बनी रहती है और इसी दौरान परिवारों की आय तथा वेतन वृद्धि कमजोर रहती है, तो स्टैगफ्लेशन (महंगाई के साथ आर्थिक सुस्ती) का दबाव बढ़ सकता है। वित्तीय बाजारों को लेकर रिपोर्ट का अनुमान है कि रेपो रेट 6.5 प्रतिशत तक बढ़ने की स्थिति में जोखिम-मुक्त ब्याज दर ऊपर जा सकती है। इसके साथ 10 वर्षीय सरकारी बॉन्ड यील्ड 7.45-7.50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इससे पूंजी की लागत बढ़ने और शेयर बाजार के वैल्यूएशन पर दबाव बने रहने की संभावना बताई गई है।


















