मुंबई: पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने शुक्रवार को कहा कि, हाल ही में आई बाढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश से प्रभावित जिलों में सड़कों को 1,800 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। चव्हाण ने कहा कि, पिछले हफ्ते हुई मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से अकेले तटीय कोंकण क्षेत्र में सड़क के बुनियादी ढांचे को 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कोंकण के अलावा, पश्चिमी महाराष्ट्र का बड़ा हिस्सा बाढ़ और बारिश से तबाह हो गया है।
दि न्यू इंडियन एक्सप्रेस मे छपे खबर के अनुसार मंत्री चव्हाण ने कहा कि, प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बारिश के प्रकोप के दौरान 290 सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया और 469 मोटरमार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि, बाढ से 140 पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। चव्हाण ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से राज्य में सड़क ढांचे को हुए नुकसान के बारे में बात की है। अकेले कोंकण डिवीजन में, 800 करोड़ रुपये की सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा, पुणे, अमरावती, औरंगाबाद, नासिक और कोल्हापुर डिवीजनों में नुकसान 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 213 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोगों को निकाला गया।रायगढ़, कोल्हापुर और सांगली सबसे अधिक प्रभावित जिलों में से एक है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी शुक्रवार को मूसलाधार बारिश और उसके बाद आई बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने और मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने के लिए कोल्हापुर जिले का दौरा किया।
व्हाट्सप्प पर चीनीमंडी के अपडेट्स प्राप्त करने के लिए, कृपया नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
WhatsApp Group Link