झाइटोमिर क्षेत्र: रूस द्वारा काला सागर (ब्लैक सी) बंदरगाहों की नाकाबंदी और लगातार हमलों के कारण यूक्रेन के किसानों की स्थिति गंभीर होती जा रही है। संभावित रूप से अच्छी फसल होने के बावजूद निर्यात लगभग ठप पड़ जाने से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। यूक्रेनी किसान सेरही रिबाल्को ने बताया कि, 2022 में रूस के आक्रमण के दौरान दक्षिणी यूक्रेन के बड़े हिस्से पर कब्जा होने से उनकी दो-तिहाई कृषि भूमि चली गई थी। अब उनकी बची हुई फसल भी निर्यात न होने के कारण खतरे में पड़ गई है।
यूक्रेन दुनिया के सबसे बड़े गेहूं, मक्का (कॉर्न) और सूरजमुखी बीज उत्पादकों में शामिल है और इन फसलों का लगभग 90 प्रतिशत निर्यात ब्लैक सी बंदरगाहों के माध्यम से होता है। वर्तमान में यूक्रेन में गेहूं की कटाई अपने चरम पर है। रिबाल्को के अनाज भंडारण केंद्र (साइलो) लगभग पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि अगले महीने मक्का की कटाई भी शुरू होने वाली है। रिबाल्को ने कहा, इस अनाज को भेजने के लिए कोई जगह नहीं बची है। किसानों के लिए यह पूरी तरह विनाशकारी स्थिति है।
उन्होंने बताया कि, पहले वे प्रमुख यूक्रेनी अनाज निर्यातक कंपनियों और स्थानीय प्रसंस्करण इकाइयों को अनाज बेचते थे, लेकिन अब कोई खरीददार नहीं है। उनके अनुसार, सब कुछ रुक गया है। वित्तीय गतिविधियां ठप हो गई हैं, आय के स्रोत समाप्त हो गए हैं और निर्यात बंद हो गया है। कृषि क्षेत्र यूक्रेन की कुल निर्यात आय का लगभग 60 प्रतिशत योगदान देता है। ऐसे में ब्लैक सी नाकाबंदी युद्धग्रस्त यूक्रेनी अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है।
रूस और यूक्रेन दोनों पिछले चार वर्षों से अधिक समय से जारी युद्ध के दौरान ब्लैक सी और आज़ोव सागर में एक-दूसरे के जहाजों पर हमले कर रहे हैं, ताकि विरोधी देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया जा सके। रूस भी दुनिया का एक प्रमुख खाद्य निर्यातक देश है। ऐसे में ब्लैक सी क्षेत्र में बढ़ते तनाव, मध्य पूर्व में युद्ध और रिकॉर्ड गर्मी की लहरों के कारण वैश्विक खाद्य कीमतों और महंगाई पर भी असर पड़ने की आशंका है।
यूक्रेन के प्रमुख किसान संगठन यूएसी (UAC) के उपाध्यक्ष डेनिस मार्चुक ने कहा कि यूक्रेन दुनिया के लगभग 6 प्रतिशत गेहूं और 11 प्रतिशत मक्का की आपूर्ति करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूक्रेनी अनाज समय पर नहीं पहुंचा, तो अफ्रीका और मध्य पूर्व के आयात-निर्भर देशों में खाद्य संकट और अकाल जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। यूक्रेन को इस वर्ष लगभग 6 करोड़ टन अनाज उत्पादन की उम्मीद है, जो 2025 के स्तर के लगभग बराबर है। लेकिन किसानों को अगले वर्ष की फसल को लेकर बहुत कम उम्मीद है। निर्यात बंद होने से उन्हें अगली बुवाई और उत्पादन चक्र के लिए आवश्यक धन नहीं मिल पा रहा है।
हालांकि, ब्लैक सी संकट और वैश्विक आपूर्ति की चिंताओं के कारण जुलाई में शिकागो अनाज वायदा बाजार में कीमतें एक वर्ष से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं, लेकिन यूक्रेन के घरेलू बाजार में अनाज की अधिक उपलब्धता के कारण कीमतें गिर गई हैं।विश्लेषकों का मानना है कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों को केवल गेहूं के निर्यात से ही लाभ मिल सकता है, जबकि अन्य अनाजों की खेती की लागत भी निकालना कठिन होगा।
डेनिस मार्चुक ने कहा कि, किसानों को ईंधन खरीदने, मजदूरी देने और रबी (शीतकालीन) फसलों की बुवाई की तैयारी के लिए तत्काल धन की आवश्यकता है। रिबाल्को ने बताया कि युद्ध के बाद अपने कृषि व्यवसाय को दोबारा खड़ा करने के लिए उन्होंने भारी कर्ज लिया था। उनके खेत को केवल ऋण चुकाने, मजदूरी देने और ईंधन खरीदने के लिए हर महीने लगभग 2 करोड़ ह्रीव्निया (लगभग 4.47 लाख डॉलर) की आवश्यकता होती है। यदि यह धन उपलब्ध नहीं हुआ, तो शरदकालीन खेत तैयार करने का अभियान भी खतरे में पड़ जाएगा।















