दक्षिण अफ्रीका : टोंगाट हुलेट की सहायता के लिए औद्योगिक विकास निगम ने 2 अरब रैंड से अधिक की सहायता दी

केप टाउन : व्यापार और उद्योग मंत्री पार्क्स टाउ ने बताया कि, औद्योगिक विकास निगम (Industrial Development Corporation) ने आर्थिक संकट से जूझ रही चीनी उत्पादक कंपनी टोंगाट हुलेट की सहायता के लिए 2 अरब रैंड से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की है। टाउ संसद में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने सरकार से पूछा था कि, गन्ना उद्योग, उसकी मूल्य श्रृंखला और लाखों नौकरियों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

अपने जवाब में टाउ ने स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा कि, टोंगाट हुलेट का संकट पूरे चीनी उद्योग और उससे जुड़े समुदायों के लिए बड़ा खतरा है, खासकर क्वाजुलू-नताल और म्पुमलंगा में। उन्होंने कहा कि, अक्टूबर 2022 से आईडीसी कंपनी को बचाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल है और बिजनेस रेस्क्यू विशेषज्ञों, कंपनी प्रबंधन तथा अन्य हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि कंपनी का संचालन जारी रह सके।

टाउ के अनुसार, आईडीसी ने 2 अरब रैंड से अधिक का वित्तीय सहयोग दिया है, जिससे कंपनी के संचालन, बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया और रोजगार व किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, कंपनी को पुनर्जीवित करने के लिए जरूरी कुछ प्रमुख सौदे पूरे नहीं हो सके, जिससे प्रक्रिया में बाधाएं आईं। इसके चलते बिजनेस रेस्क्यू प्रैक्टिशनर्स ने कंपनी को अस्थायी रूप से परिसमापन (लिक्विडेशन) में भेजने के लिए आवेदन किया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए टाउ ने बताया कि, आईडीसी ने इस कदम का विरोध किया है और कंपनी को बिजनेस रेस्क्यू प्रक्रिया में बनाए रखने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि, आईडीसी दीर्घकालिक समाधान विकसित करने पर भी काम कर रही है, जिससे कंपनी इस संकट से बाहर निकल सके।टाउ ने स्पष्ट किया कि, यदि परिसमापन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो आईडीसी इसका कानूनी विरोध करेगी ताकि कंपनी का संचालन बंद न हो और व्यापक चीनी अर्थव्यवस्था सुरक्षित रहे।मंत्री ने यह भी कहा कि, सरकार गन्ना किसानों और रोजगार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि, सरकार इस मुद्दे पर लगातार नजर बनाए हुए है और संसद को स्थिति से अवगत कराती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here