नई दिल्ली: भारतीय चीनी एवं बायो-एनर्जी निर्माता संघ (ISMA) और राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (NFCSF) ने केंद्र सरकार से जूट की बोरियों में चीनी की अनिवार्य पैकेजिंग से 100 प्रतिशत छूट देने की मांग की है। दोनों संगठनों ने नई दिल्ली में आयोजित स्थायी सलाहकार समिति (SAC) की 34वीं बैठक में कहा कि जूट की, बोरियों का उपयोग उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य, चीनी की गुणवत्ता और उद्योग पर आर्थिक बोझ के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।संगठनों का कहना है कि, यह मुद्दा केवल उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे 5 करोड़ से अधिक गन्ना किसानों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कैंसरकारी जोखिम का दावा
आईएसएमए और एनएफसीएसएफ ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि, जूट की बोरियों को तैयार करने के दौरान जूट बैचिंग ऑयल (JBO) का उपयोग किया जाता है, जो पेट्रोलियम आधारित पदार्थ है। इसमें पाए जाने वाले पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) को वैज्ञानिक और न्यायिक स्तर पर कैंसरकारी माना गया है। संगठनों के अनुसार, इस तेल के अवशेष चीनी में पहुंच सकते हैं, जिससे उपभोक्ताओं, विशेषकर बच्चों और गर्भवती महिलाओं, के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
पहले भी उठ चुका है यह मुद्दा
संगठनों ने बताया कि अक्टूबर 2025 में हुई SAC की 33वीं बैठक में भी इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया था। उस समय समिति ने एम्स (AIIMS), एफएसएसएआई (FSSAI), भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और जूट आयुक्त कार्यालय के साथ एक स्वतंत्र विशेषज्ञ अध्ययन कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, यह अध्ययन अब तक पूरा नहीं हुआ है। अध्ययन लंबित रहने के कारण समिति ने चीनी के लिए जूट पैकेजिंग की अनिवार्यता को 20 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत कर दिया था।
जूट और चीनी एक-दूसरे के अनुकूल नहीं
आईएसएमए और एनएफसीएसएफ का कहना है कि चीनी अत्यधिक नमी सोखने वाली (हाइग्रोस्कोपिक) वस्तु है, जबकि जूट नमी को बनाए रखता है। इससे चीनी में गांठें बनना, जमाव होना और उसकी भंडारण अवधि कम होना जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। संगठनों के अनुसार, जूट की बोरियां अन्य पैकेजिंग विकल्पों की तुलना में 2.5 से 3 गुना महंगी हैं, जिससे उद्योग पर हर वर्ष लगभग 800 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है। उनका कहना है कि यह राशि गन्ना किसानों के हित में उपयोग की जा सकती है।
कच्चे जूट की उपलब्धता पर भी असर
उन्होंने यह भी कहा कि कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) ने स्वयं इस बात की ओर संकेत किया है कि अनिवार्य जूट पैकेजिंग के कारण बड़ी मात्रा में कच्चा जूट पारंपरिक बोरियों के निर्माण में खप जाता है। इससे शॉपिंग बैग, होम डेकोर और अन्य उच्च मूल्य वाले जूट उत्पादों के लिए पर्याप्त कच्चा माल उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे जूट उद्योग के विकास, रोजगार और निर्यात क्षमता पर असर पड़ता है।
बांग्लादेश को मिलता है अधिक लाभ
आईएसएमए और एनएफसीएसएफ का दावा है कि भारत में कच्चे जूट का उत्पादन अधिक होने के बावजूद, मूल्यवर्धित जूट उत्पादों के वैश्विक बाजार में बांग्लादेश को अधिक लाभ मिल रहा है। उनका कहना है कि यदि भारत में अनिवार्य जूट पैकेजिंग की व्यवस्था समाप्त की जाए, तो कच्चे जूट का उपयोग उच्च मूल्य वाले निर्यातोन्मुख उत्पादों के निर्माण में किया जा सकेगा।
आईएसएमए के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि जूट बैचिंग ऑयल में कैंसरकारी तत्वों को लेकर वैज्ञानिक और न्यायिक प्रमाण पर्याप्त हैं। उन्होंने कहा कि जब तक स्वतंत्र विशेषज्ञ अध्ययन पूरा नहीं हो जाता, तब तक चीनी को ऐसे पैकेजिंग पदार्थ में रखना उचित नहीं है। एनएफसीएसएफ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाइकनवरे ने कहा कि चीनी को जूट पैकेजिंग से छूट देने से उपभोक्ता स्वास्थ्य की रक्षा होगी, उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर बनी रहेगी और जूट उद्योग को मूल्यवर्धित उत्पादों की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
दोनों संगठनों ने SAC से आग्रह किया है कि जूट पैकेजिंग सामग्री (वस्तुओं की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 की धारा 4 के प्रावधानों के अनुरूप, स्वतंत्र विशेषज्ञ अध्ययन पूरा होने और केंद्र सरकार द्वारा उसकी समीक्षा किए जाने तक चीनी के लिए जूट की अनिवार्य पैकेजिंग को पूरी तरह स्थगित किया जाए।


















