महाराष्ट्र में बंधक बनाए गए 18 मजदूर और 15 बच्चे मुक्त, जबरन कराई जा रही थी गन्ने की कटाई; ठेकेदार फरार

बुरहानपुर (मध्य प्रदेश) : महाराष्ट्र के धाराशिव (उस्मानाबाद) जिले में बंधक बनाकर गन्ने की कटाई का काम करा रहे बुरहानपुर और खरगोन के 18 मजदूरों को पुलिस ने मुक्त करा लिया है। इन मजदूरों के साथ 15 बच्चे भी थे। पुलिस ने सभी को सुरक्षित छुड़ा लिया है। मुक्त कराए गए मजदूरों में बुरहानपुर जिले के 10 और खरगोन जिले के 8 लोग शामिल हैं।‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, मंगलवार दोपहर एएसपी प्रदीप शेंडे ने शाहपुर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर जिले के सांभरपुरा गांव निवासी संजय पिता मोहनलाल ने कलेक्टर को आवेदन देकर मजदूरों को बंधक बनाए जाने की शिकायत की थी।

शिकायत के अनुसार, करीब दो महीने पहले ठेकेदार जय सिंह बरेला गांव के 5 महिलाओं और 5 पुरुषों को गन्ने की कटाई के काम के लिए महाराष्ट्र ले गया था। जय सिंह शाहपुर तहसील के खामनी गांव का रहने वाला है। बताया गया कि वह मजदूरों को अहमदनगर में नागेश्वर नाम के ठेकेदार के हवाले कर खुद बुरहानपुर लौट आया था। मजदूरों ने नागेश्वर के यहां करीब एक महीने काम किया। इसके बाद उन्हें धाराशिव-उस्मानाबाद जिले की परांडा तहसील के सोनारी गांव में गन्ने की कटाई के लिए भेज दिया गया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मजदूरी मांगने पर मारपीट, मोबाइल भी छीन लिए

मजदूरों ने पुलिस को बताया कि उनसे अलग-अलग खेतों में काम कराया जाता था। उनकी संख्या के हिसाब से पर्याप्त राशन भी नहीं दिया जाता था। करीब दो महीने तक काम करने के बाद जब उन्होंने अपनी मजदूरी मांगी तो ठेकेदार नागेश्वर ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि मजदूरी मांगने पर ठेकेदार ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, मजदूरों के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए और उन्हें जबरन काम करने के लिए मजबूर किया जाता रहा।

बुरहानपुर के 10 और खरगोन के 8 मजदूरों को छुड़ाया

एएसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि, कलेक्टर की ओर से 18 नवंबर को मिले पत्र के बाद एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर पुलिस की एक टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी गई थी। टीम ने धाराशिव-उस्मानाबाद जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से मजदूरों को मुक्त कराया। मौके पर बुरहानपुर जिले के 10 मजदूरों के अलावा खरगोन जिले के झिरनिया गांव के 8 मजदूर भी मिले। खरगोन के मजदूरों में 4 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं।

बुरहानपुर के मजदूरों के साथ 8 बच्चे और खरगोन के मजदूरों के साथ 7 बच्चे थे। इस तरह पुलिस ने कुल 18 मजदूरों और 15 बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

गर्भवती महिला ने खेत में ही दिया बच्ची को जन्म

मुक्त कराई गई मजदूर प्रियंका बाई ने बताया कि, जब वह काम के लिए महाराष्ट्र आई थी, तब गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा शुरू होने के बावजूद उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया। मजबूरी में उसे खेत में ही बच्ची को जन्म देना पड़ा। बच्ची का नाम गुड़िया रखा गया है।प्रियंका के मुताबिक, वहां मजदूरों से दिन-रात काम कराया जाता था। लगातार काम और खराब परिस्थितियों के कारण सभी मजदूर परेशान थे।

मजदूरों को दूसरे राज्यों में ले जाने वाले एजेंटों की होगी पहचान

डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे ने बताया कि मजदूरों को महाराष्ट्र में बंधक बनाकर रखा गया था, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित मुक्त करा लिया है। अब उन एजेंटों की पहचान की जाएगी, जो मजदूरों को अधिक कमाई का लालच देकर दूसरे राज्यों में ले जाते हैं। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि वे रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने के बजाय स्थानीय स्तर पर उपलब्ध काम का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में भी काम उपलब्ध है।

हर साल रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाते हैं मजदूर

बुरहानपुर जिले से हर साल बड़ी संख्या में मजदूर अधिक मजदूरी की तलाश में महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों में जाते हैं। कई बार दूसरे राज्यों में उन्हें शोषण और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस दूसरे राज्यों से मजदूरों को मुक्त कराकर वापस ला चुकी है। ताजा घटना ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा और उनके शोषण का मुद्दा सामने ला दिया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here