सहारनपुर में पेराई सत्र 2025-26 का समापन, गन्ना उत्पादन में बड़ी गिरावट

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश): जिले में चीनी मिलों का पेराई सत्र 2025-26 आज (7 अप्रैल) औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगा। जिले की आठ मिलों में से अंतिम रूप से चल रही देवबंद स्थित त्रिवेणी मिल भी लगभग 136 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के बाद आज बंद हो जाएगी। इसके साथ ही इस सीजन में जिले का कुल गन्ना पेराई आंकड़ा 368.5 लाख कुंतल को पार कर चुका है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार गन्ना पेराई में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 में जहां 514.3 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी, वहीं इस साल करीब 145 लाख कुंतल की कमी सामने आई है। यह गिरावट न केवल गन्ना विभाग बल्कि मिल प्रबंधन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस कमी के पीछे मुख्य कारण बेमौसम बारिश और जिले में पॉपुलर (पेड़) के बढ़ते रकबे को माना जा रहा है। असमय हुई भारी बारिश ने गन्ने की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया, जिससे उत्पादन पर सीधा असर पड़ा। वहीं, पॉपुलर के विस्तार से गन्ने का क्षेत्रफल घटा है और पेड़ों की छाया ने भी उत्पादन को प्रभावित किया है। जिले की सभी चीनी मिलों में इस साल पेराई कम रही है, लेकिन बजाज गांगनौली और दया शुगर गागलहेड़ी में गिरावट अपेक्षाकृत अधिक देखी गई। इसके पीछे इन मिलों द्वारा किसानों को समय पर भुगतान न करना भी एक महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है। जिला गन्ना अधिकारी सुशील कुमार ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि इस वर्ष की चुनौतियों के बावजूद भविष्य को लेकर उम्मीद बनी हुई है। उनके अनुसार, वर्तमान में फसल की स्थिति बेहतर है और शरदकालीन गन्ने की बुवाई में भी वृद्धि हुई है, जिससे आने वाले सत्र में उत्पादन सुधरने की संभावना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here