फिजी में 2026 का गन्ना पेराई सीजन समाप्त; 21,430 टन गन्ने की कटाई रह गई अधूरी

सुवा : फिजी में वर्ष 2026 का गन्ना पेराई सीजन समाप्त हो गया है, लेकिन इसके बावजूद देश के तीनों चीनी मिल क्षेत्रों में लगभग 21,430 टन गन्ने की कटाई नहीं हो सकी। सीजन की अवधि बढ़ाने और सरकार की ओर से विभिन्न सहायता उपाय लागू करने के बावजूद बड़ी मात्रा में गन्ना खेतों में खड़ा रह गया। ‘द फिजी टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इसकी प्रमुख वजह मजदूरों की कमी और गन्ने की कटाई में आ रही कठिनाइयां हैं।

फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (FSC) के अनुसार, लॉटोका मिल क्षेत्र में सबसे अधिक गन्ने की कटाई नहीं हो सकी। यहां लगभग 15,600 टन गन्ना खेतों में खड़ा रह गया, जो देशभर में बिना कटाई वाले कुल गन्ने का करीब 73 प्रतिशत है। FSC ने बताया कि, पूरे सीजन में मजदूरों की कमी और गन्ने की कटाई संबंधी समस्याएं प्रमुख चुनौती बनी रहीं। विशेष रूप से हाथों से गन्ने की कटाई के लिए पर्याप्त मजदूर उपलब्ध कराना मुश्किल रहा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

समतल क्षेत्रों में मशीनों से गन्ने की कटाई प्रभावी साबित हुई, लेकिन पहाड़ी और ऊबड़-खाबड़ इलाकों में किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसे क्षेत्रों में मशीनों का इस्तेमाल संभव नहीं होने के कारण किसानों को मजदूरों पर निर्भर रहना पड़ा। वहीं, मजदूरों की कमी और कटाई की बढ़ती लागत ने इस काम को और कठिन बना दिया। कुछ मामलों में गन्ने की कटाई किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी नुकसानदायक साबित हुई। गन्ने की कटाई की धीमी रफ्तार का सीधा असर चीनी मिलों तक पहुंचने वाले गन्ने की मात्रा पर पड़ा। इसके कारण मिलों को नियमित गन्ना आपूर्ति नहीं हो सकी और पेराई प्रक्रिया बार-बार प्रभावित हुई। लॉटोका चीनी मिल पर इसका सबसे अधिक असर देखने को मिला। यहां किसानों की ओर से मिल की दैनिक आवश्यकता का केवल लगभग 50 प्रतिशत गन्ना ही उपलब्ध कराया जा सका।

लॉटोका मिल का संचालन सुचारु बनाए रखने और गन्ने की कमी दूर करने के लिए FSC ने रारावाई मिल क्षेत्र से लगभग 77,769 टन गन्ना लॉटोका मिल तक पहुंचाने की व्यवस्था की। इस पूरी परिवहन व्यवस्था का खर्च भी निगम ने स्वयं उठाया। इसके बावजूद, सीजन की अवधि बढ़ाने और अतिरिक्त सहायता उपाय लागू करने के बाद भी तीनों मिल क्षेत्रों में कुल 21,430 टन गन्ना खेतों में बिना कटाई के रह गया। FSC ने इसकी पुष्टि की है। फिजी का वर्ष 2026 का गन्ना पेराई सीजन कुल 11,26,599 टन गन्ने की पेराई के साथ समाप्त हुआ। यह शुरुआती अनुमानित लक्ष्य 14,96,000 टन से काफी कम है। इस प्रकार देश में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले गन्ना पेराई में बड़ी कमी दर्ज की गई।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here