फिलीपींस : बढ़ती उत्पादन लागत के बीच गन्ना उत्पादन और चीनी रिकवरी में गिरावट पर एसआरए ने जताई चिंता

बैकोलॉड सिटी : फिलीपींस का चीनी उद्योग इन दिनों बढ़ते आर्थिक और उत्पादन संबंधी संकट का सामना कर रहा है।गन्ने की पैदावार में गिरावट, चीनी उतारे में कमी और खेती की बढ़ती लागत ने किसानों की आजीविका के साथ-साथ चीनी मिलों के संचालन पर भी दबाव बढ़ा दिया है। वर्ष 2026-27 के चीनी पेराई सीजन के दौरान उद्योग के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के बोर्ड ने पेराई सीजन के दूसरे महीने में प्रवेश करने के साथ ही मौजूदा परिस्थितियों पर गंभीर चिंता जताई है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि ईंधन और कृषि इनपुट की बढ़ती कीमतें, अल नीनो का खतरा तथा रेड सॉफ्ट स्केल कीट (RSSI) का लगातार फैलता प्रकोप चीनी उद्योग के उत्पादन को और प्रभावित कर सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इसका सबसे अधिक असर नेग्रोस ऑक्सिडेंटल प्रांत में पड़ने की आशंका है। यह फिलीपींस का प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्र है, जहां हजारों किसान, खेत मजदूर और चीनी मिलों के कर्मचारी अपनी आजीविका के लिए इस उद्योग पर निर्भर हैं।

ईरान में जारी संघर्ष ने भी उत्पादन लागत बढ़ाने का दबाव पैदा किया है। विशेष रूप से ईंधन और अन्य कृषि इनपुट की कीमतों में बढ़ोतरी से किसान चिंतित हैं। किसानों को आशंका है कि मौजूदा फसल से होने वाली कमाई खेती की लागत निकालने और अगले सीजन की बुवाई के लिए आवश्यक पूंजी जुटाने के लिए पर्याप्त होगी या नहीं।

एसआरए बोर्ड ने यह भी चेतावनी दी है कि, गन्ना उत्पादन में लगातार गिरावट का असर चीनी मिलों पर भी पड़ सकता है। कई मिलों ने आधुनिकीकरण के लिए अरबों पेसो का निवेश किया है और उनका संचालन पर्याप्त मात्रा में गन्ने की आपूर्ति पर निर्भर करता है। गन्ने की कमी से मिलों के सामने परिचालन और निवेश की वसूली का संकट खड़ा हो सकता है।

चीनी मिल प्रतिनिधि मित्जी मैंगवाग ने कहा कि, गन्ना उत्पादन में गिरावट का नुकसान किसानों और मिल मालिकों, दोनों को उठाना पड़ेगा। खासकर ऐसे समय में, जब उद्योग की मिलिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार निवेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, गन्ना उत्पादन में किसी भी तरह की गिरावट किसानों के लिए अच्छी नहीं है, क्योंकि किसान इस उद्योग की रीढ़ हैं। इसका नुकसान मिल मालिकों को भी होगा, विशेषकर तब जब वे आधुनिकीकरण पर निवेश कर रहे हैं। किसान प्रतिनिधि डेव सैंसन ने भी बढ़ती उत्पादन लागत और कमजोर फसल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में किसानों के लिए अगले फसल चक्र की खेती हेतु उर्वरक और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीदना मुश्किल हो सकता है। सैंसन ने कहा, हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे किसान और चीनी मिलें आर्थिक रूप से टिके रहें।

इस बीच, कृषि सचिव फ्रांसिस्को पी. टिउ लॉरेल जूनियर ने उद्योग को आश्वासन दिया है कि कृषि विभाग (DA), SRA और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर मौजूदा समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगा। उन्होंने रेड सॉफ्ट स्केल कीट के प्रकोप को नियंत्रित करने, गन्ना उत्पादन बनाए रखने और किसानों की आय सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। टिउ लॉरेल ने कहा, “हम किसानों को इन चुनौतियों का सामना अकेले नहीं करने दे सकते। सरकार आवश्यक हस्तक्षेप के लिए तैयार है। इसमें रेड सॉफ्ट स्केल कीट के प्रकोप को नियंत्रित करने और किसानों की आय सुरक्षित रखने के उपाय भी शामिल हैं।”

एसआरए के प्रशासक पाब्लो लुइस एज़कोना ने कहा कि, किसानों को उचित और टिकाऊ खेत-स्तरीय मूल्य (Farmgate Price) दिलाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं और खाद्य उत्पादकों के लिए पर्याप्त मात्रा में सस्ती चीनी उपलब्ध कराना भी जरूरी है। एज़कोना ने कहा, एक किसान होने के नाते मैं और SRA बोर्ड किसान संगठनों की इस मांग का समर्थन करते हैं कि उन्हें बेहतर, टिकाऊ और स्थिर खेत-स्तरीय मूल्य मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि, चीनी उद्योग में स्थिरता लाने के लिए किसानों, मिल मालिकों, व्यापारियों और नीति-निर्माताओं के बीच लगातार विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सभी पक्षों के बीच सहमति बनाकर उद्योग की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना है। वहीं, कृषि विभाग और SRA अल नीनो के संभावित प्रभाव तथा रेड सॉफ्ट स्केल कीट के लगातार बढ़ते प्रकोप से निपटने के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मांग कर रहे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here