अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध में नरमी से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 200 अंकों तक चढ़ा

मुंबई, तीन दिसंबर (भाषा) अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध शिथिल पड़ने से उत्साहित एशियाई बाजारों से प्रेरित होकर सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में तेजी रही। सेंसेक्स 200 अंक से अधिक की तेजी लेकर खुला।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 181.52 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 36,375.82 अंक पर रहा। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 30.80 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ शुरुआती कारोबार में 10,907.55 अंक पर रहा।
इस बीच निवेशकों की निगाहें खरीद प्रबंध सूचकांक (पीएमआई) आंकड़ों तथा रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के परिणामों पर लगी हुई हैं। शुरुआती कारोबार में धातु, रियल्टी और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही।
 सेंसेक्स की कंपनियों में वेदांता, टाटा स्टील, कोल इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर्स, इंफोसिस, एचडीएफसी, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, ओएनजीसी, एनटीपीसी, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर तीन प्रतिशत तक चढ़े रहे।
 हालांकि, सन फार्मा के शेयर नौ प्रतिशत तक गिरे रहे। नुकसान में रहने वाली अन्य कंपनियों में येस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हीरो मोटोकॉर्प शामिल रहीं।
प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 332.62 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशक 1,489.65 करोड़ रुपये के शुद्ध लिवाल रहे। एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार में हांगकांग का हैंग सेंग 2.68 प्रतिशत, जापान का निक्की 1.30 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 2.91 प्रतिशत की तेजी में रहा।
Bioenergy Times
SOURCEChiniMandi

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here