बरेली : अपर गन्ना आयुक्त राजेश मिश्रा ने शनिवार को फतेहगंज पूर्वी स्थित द्वारकेश चीनी मिल के मिल गेट क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान ग्राम टांडा सिकंदरपुर के कृषक नरेश चौधरी के खेत में नई गन्ना प्रजाति कोशा0 18231 की बुवाई ट्रेंच विधि से कराई गई।इस दौरान उन्होंने इसी कृषक के पेड़ी प्रबंधन के प्लॉट का भी निरीक्षण किया। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, क्षेत्र भ्रमण के बाद, ग्राम हरेला में आयोजित किसान गोष्ठी में किसानों को गन्ना बुवाई की उन्नत तकनीकी, वैज्ञानिक तरीकों और उत्तर प्रदेश के लिए स्वीकृत अधिक उत्पादन देने वाली प्रजातियों की बुवाई करने की सलाह दी गई।
गोष्ठी में अच्छा उत्पादन प्राप्त करने के लिए उन्नत किस्मों का चयन, समय पर गन्ना बुवाई, खेत की तैयारी, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन और रोग व कीट नियंत्रण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान भी बताए गए। उन्हें आधुनिक तरीकों को अपनाकर अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने द्वारकेश चीनी मिल के मिल गेट पर लगे कांटों का भी औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक (गन्ना) श्री पवन कुमार चतुर्वेदी, उप महाप्रबंधक (गन्ना विकास) श्री दिनेश कुमार शर्मा, सहायक प्रबंधक (गन्ना) श्री उपेंद्र उपाध्याय और संबंधित जोन मैनेजर व जोन इंचार्ज उपस्थित रहे।

















