नरसिंहपुर : जिले में राष्ट्रीय किसान यूनियन और किसान आर्मी संगठन से जुड़े किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसानों ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जिले की शुगर मिलों द्वारा गन्ने का लंबित भुगतान तत्काल कराने की मांग की।किसानों ने इस अवसर पर जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारिंयो ने कहा, जिले की विभिन्न शुगर मिलों द्वारा खरीदे गए गन्ने का भुगतान लंबे समय से रुका हुआ है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शुगर मिल प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बकाया राशि पर ब्याज सहित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
किसान आर्मी संगठन के सदस्य प्रतीक शर्मा ने बताया कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने मांग की कि गेहूं पर घोषित ₹15 प्रति क्विंटल बोनस के बजाय ₹150 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए। साथ ही, जिले की सभी शुगर मिलों, विशेषकर नवाब राजा महाकौशल शुगर मिल के बकाया भुगतान पर कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और शुगर मिल की शक्कर जब्त कर किसानों का भुगतान कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आगामी चुनाव में जनप्रतिनिधियों का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और मोहल्लों में सांसदों और मंत्रियों के पुतले जलाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।


















