पारादीप (ओडिशा) : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ओडिशा के पारादीप स्थित इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) यूनिट में नए सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट-3 (SAP-III) को राष्ट्र को समर्पित किया। इससे भारत के उर्वरक बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ देशभर के किसानों को लाभ मिलेगा।शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत सरकार का सहकारिता मंत्रालय और ओडिशा सरकार मिलकर राज्य में ग्रामीण आजीविका को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि, वर्ष 2005 में इफको ने इस प्लांट को 2,577 करोड़ रुपये में खरीदा था, उस समय इसकी उत्पादन क्षमता 7.5 लाख मीट्रिक टन थी।आज यह क्षमता बढ़कर लगभग 22 लाख मीट्रिक टन हो गई है, जिसमें करीब 15 प्रतिशत उत्पादन मिश्रित उर्वरकों का और लगभग 40 प्रतिशत स्वदेशी डीएपी का है।मंत्री शाह ने कहा, देश में जहां-जहां उर्वरक कारखानों और रासायनिक उद्योगों में सल्फ्यूरिक एसिड की जरूरत है, उसका उत्पादन इफको के पारादीप प्लांट में होना चाहिए।इफको नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और पीएम-प्रणाम (PM-PRANAM) योजना के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने का अभियान चला रहा है, जिससे हमारी मिट्टी की रक्षा होगी। इफको इस क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी सहकारी इकाई बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि, इफको की कमाई का लाभ देश के लगभग 5 करोड़ किसानों को मिलता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।शाह ने कहा, जहां भी इफको के कारखाने हैं, उनके असली मालिक भारत के 5 करोड़ किसान हैं। इफको का 41,000 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर, 3,800 करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा और 28,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेटवर्थ इन किसानों की है। यही सहकारिता मॉडल की असली ताकत है।उन्होंने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और ओडिशा सरकार सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से गरीब किसानों, ग्रामीण समुदायों और विशेष रूप से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
मंत्री शाह ने कहा, नए सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट की स्थापना लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से की गई है और इसकी उत्पादन क्षमता करीब 2,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन है। यह संयंत्र पारादीप परिसर की उत्पादन क्षमता को काफी बढ़ाएगा, जो भारत की सबसे बड़ी एकीकृत फॉस्फेटिक उर्वरक उत्पादन इकाइयों में से एक है।इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, इफको के चेयरमैन दिलीप संघाणी, प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल, सांसद, राज्य मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे।अमित शाह


















