कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से मजबूत बायोफ्यूल तंत्र की जरूरत स्पष्ट : ISMA

नई दिल्ली : कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव ने भारत में मजबूत बायोफ्यूल इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने कहा कि, बायोफ्यूल भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और स्वच्छ व टिकाऊ ऊर्जा की ओर बढ़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। ISMA के अनुसार भारत का एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम एक परिवर्तनकारी पहल बनकर उभरा है। इससे आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम हुई है, साथ ही चीनी उद्योग, बायो-एनर्जी और कृषि क्षेत्र में नए विकास के अवसर भी पैदा हुए हैं। इसके अलावा इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।

ISMA का कहना है कि, भारत में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के विस्तार और मजबूत बायो-एनर्जी तंत्र के विकास से आयातित ईंधन पर निर्भरता कम की जा सकती है और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी समर्थन मिलेगा।पिछले एक दशक में भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में तेजी से वृद्धि हुई है। 2014 में जहां एथेनॉल मिश्रण करीब 1.5 प्रतिशत था, वहीं 2025 तक यह बढ़कर लगभग 18-19 प्रतिशत तक पहुंच गया है। भारत ने 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य भी निर्धारित समय से पहले हासिल कर लिया है। एथेनॉल की आपूर्ति भी इस अवधि में काफी बढ़ी है। 2014 में 38 करोड़ लीटर से बढ़कर यह 660 करोड़ लीटर से अधिक हो गई है। इसके चलते किसानों को करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है और कच्चे तेल के आयात में कमी से देश को लगभग 1.36 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है।

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बार-बार होने वाला उतार-चढ़ाव तेल आयात करने वाले देशों की संवेदनशीलता को दर्शाता है और यह घरेलू ऊर्जा विकल्पों को तेजी से विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। गन्ने से बनने वाला एथेनॉल जैसे बायोफ्यूल आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने और भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने का व्यावहारिक रास्ता प्रदान करते हैं। ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भी बायोफ्यूल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए नीतिगत समर्थन जारी रखने की जरूरत पर जोर दिया है। उनका मानना है कि इससे भारत के ऊर्जा स्रोतों में विविधता आएगी और कृषि मूल्य श्रृंखला के विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक आर्थिक अवसर पैदा होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here