ब्राज़ील : राइज़ेन ने 12.6 अरब डॉलर के कर्ज के पुनर्गठन का समझौता किया

साओ पाउलो: रॉयटर्स में प्रकाशित खबर के मुताबिक, ब्राज़ील की चीनी और एथेनॉल उत्पादक कंपनी राइज़ेन ने बताया कि उसने अपने कर्जदाताओं और बॉन्डधारकों के साथ अदालत के बाहर लगभग 65.1 अरब ब्राज़ीलियन रियाल (करीब 12.61 अरब डॉलर) के कर्ज के पुनर्गठन के लिए समझौता कर लिया है। तेल कंपनी शेल और ब्राज़ील के समूह कोसान के संयुक्त उपक्रम राइज़ेन ने पिछले कई महीनों से अपनी पूंजी संरचना को मजबूत करने और भारी कर्ज के बोझ से निपटने के लिए बातचीत कर रही थी।

कंपनी ने एक नियामक फाइलिंग में बताया कि, उसके 47% असुरक्षित कर्ज रखने वाले लेनदारों ने पहले ही इस योजना का समर्थन कर दिया है। अंतिम मंजूरी के लिए कंपनी के पास 90 दिन का समय होगा। पर्याप्त समर्थन मिलने के बाद नए भुगतान नियम सभी दावों पर लागू होंगे।दुनिया की सबसे बड़ी चीनी उत्पादक कंपनियों में से एक राइज़ेन हाल के समय में भारी दबाव का सामना कर रही है। इसके पीछे उच्च पूंजी निवेश, खराब मौसम और जंगल की आग जैसी घटनाएं रही हैं, जिनसे गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा और क्रशिंग की मात्रा कम हुई।

पिछले सप्ताह कंपनी ने संकेत दिया था कि, वह अपने कर्ज संकट को हल करने के लिए अदालत के बाहर पुनर्गठन का रास्ता अपना सकती है। इससे पहले कंपनी ने यह भी कहा था कि उसकी संचालन क्षमता को लेकर “गंभीर अनिश्चितता” पैदा हो गई थी। कॉरपोरेट पुनर्गठन पर काम करने वाले वैश्विक संगठन के ब्राज़ील चैप्टर टीएमए ब्राज़ील के बोर्ड चेयरमैन लुइज़ फाबियानो सरागियोटो के अनुसार, यह ब्राज़ील में अब तक का सबसे बड़ा आउट-ऑफ-कोर्ट कर्ज पुनर्गठन है।

सरागियोटो ने कहा कि, राइज़ेन का यह कदम कंपनी के संचालन को लेकर चिंता से ज्यादा समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम है। शेल के एक प्रवक्ता ने भी इस पुनर्गठन का समर्थन करते हुए कहा कि, कंपनी की वित्तीय चुनौतियों से निपटने के लिए यह जरूरी है।शेल ने राइज़ेन को समर्थन देने के लिए 3.5 अरब रियाल निवेश करने का प्रस्ताव रखा है।

वहीं कोसान ने नियामक फाइलिंग में कहा कि, इस पुनर्गठन का उसकी जिम्मेदारियों, संचालन, पूंजी संरचना या वित्तीय स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उसकी व्यावसायिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहेंगी। राइज़ेन के अनुसार, इस पुनर्गठन योजना में शेयरधारकों द्वारा पूंजी निवेश, कुछ कर्ज को इक्विटी में बदलना, नए कर्ज जारी करना और कुछ परिसंपत्तियों की बिक्री जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि, इस समझौते का उसके ग्राहकों, आपूर्तिकर्ताओं, वितरकों और अन्य व्यावसायिक भागीदारों के साथ मौजूद दायित्वों पर कोई असर नहीं पड़ेगा और उसका संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here