रायपुर : रायपुर से झारखंड भेजी जा रही दाल और शक्कर की बड़ी खेप बीच रास्ते में गायब करने के मामले में कोमाखान पुलिस ने ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने लाखों रुपए का सामान एक सुनसान मकान में छिपाकर खाली ट्रक छोड़ दिया था और फरार हो गए थे। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा माल और ट्रक बरामद कर लिया है।
गुढ़ियारी, रायपुर निवासी गौतम चंद सेठिया ने 14 मार्च को इस संबंध में कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के ट्रक में करीब 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर, जिसकी कुल कीमत 16.50 लाख रुपए थी, चाईबासा (झारखंड) भेजी गई थी। ट्रक को ड्राइवर झनक नायक और कंडक्टर संतोष आदिवासी लेकर निकले थे।समय पर ट्रक के गंतव्य तक नहीं पहुंचने और दोनों के मोबाइल बंद मिलने पर तलाश शुरू की गई। जांच में पता चला कि आरोपी ग्राम सिंघोड़ा के पास ट्रक खाली छोड़कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 420 प्लास्टिक बोरियों में भरी शक्कर (कीमत लगभग 8.25 लाख रुपए) और तुअर, अरहर, मसूर, मूंग, काबुली चना, राजमा व उड़द सहित विभिन्न दालें (कीमत करीब 8.25 लाख रुपए) बरामद कीं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपए) भी जब्त किया गया। कुल जब्ती करीब 36.50 लाख रुपए की बताई गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की और 16 मार्च को घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि, उन्होंने लालच में आकर सामान को ग्राम पटपरपाली में नेशनल हाईवे 353 के पास एक मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छापा मारकर पूरा माल बरामद कर लिया।


















