बरेली : किसान सहकारी चीनी मिल, सेमीखेड़ा का चालू पेराई सत्र शुक्रवार को समाप्त हो गया। इस बार भी मिल निर्धारित गन्ना पेराई लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी, हालांकि पिछले साल के मुकाबले प्रदर्शन बेहतर रहा। जिले की एकमात्र किसान सहकारी चीनी मिल के इस सत्र का शुभारंभ 10 नवंबर को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया था, जबकि वास्तविक पेराई 12 नवंबर से शुरू हुई। इस सीजन के लिए 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य तय किया गया था। मिल ने पूरे सत्र के दौरान 10 क्रय केंद्रों और मिल परिसर में गन्ने की खरीद की। पेराई समाप्ति से पहले प्रबंधन ने तीन बार नोटिस जारी किए, जिसके बाद शुक्रवार को औपचारिक रूप से सत्र बंद कर दिया गया।
समापन के मौके पर प्रधान प्रबंधक किशनलाल, एडीपी कुमार मनीष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रबंधन के अनुसार, लक्ष्य के मुकाबले 26.50 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई। यह पिछले वर्ष की 23 लाख क्विंटल पेराई से करीब 3 लाख क्विंटल अधिक है, हालांकि उस समय लक्ष्य 38 लाख क्विंटल था। इस सत्र में मिल ने लगभग ढाई लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया। कुल 128 दिनों तक चली पेराई में रिकवरी दर 9.45 प्रतिशत दर्ज की गई। गौरतलब है कि, सेमीखेड़ा चीनी मिल पिछले कई वर्षों से लगातार अपने निर्धारित पेराई लक्ष्य को हासिल नहीं कर पा रही है, हालांकि इस बार उत्पादन में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला है।


















