मध्य पूर्व संकट जारी रहने पर उर्वरक उत्पादन में 10-15% गिरावट की आशंका: क्रिसिल रेटिंग्स

नई दिल्ली: क्रिसिल रेटिंग्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान से भारत में जटिल उर्वरकों और यूरिया के वार्षिक घरेलू उत्पादन में 10-15 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, प्रमुख कच्चे माल की आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन क्षमता का उपयोग घटेगा, जिससे उर्वरक कंपनियों की लाभप्रदता पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा, कच्चे माल और आयातित उर्वरकों की कीमतों में वृद्धि से कंपनियों की कार्यशील पूंजी की जरूरत बढ़ेगी और सरकार के सब्सिडी बिल में 20,000 से 25,000 करोड़ रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक दो प्रमुख कारक इस क्षेत्र की साख को सहारा देंगे—पहला, बड़ी उर्वरक कंपनियों की मजबूत तरलता और दूसरा, सरकार का समय-समय पर पर्याप्त और समय पर सब्सिडी देने का ट्रैक रिकॉर्ड।

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत में कुल उर्वरक खपत में यूरिया की हिस्सेदारी लगभग 45 प्रतिशत है, जबकि जटिल उर्वरक—जैसे डाई-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) और नाइट्रोजन, फॉस्फोरस व पोटाश (NPK)—का हिस्सा करीब एक-तिहाई है। शेष में सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) और म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) शामिल हैं। उर्वरक क्षेत्र की आयात पर निर्भरता अभी भी काफी अधिक है। लगभग 20 प्रतिशत यूरिया और एक-तिहाई जटिल उर्वरक, खासकर DAP, आयात किए जाते हैं। वहीं यूरिया के लिए आवश्यक कच्चा माल प्राकृतिक गैस (जो कुल लागत का लगभग 80 प्रतिशत है) और जटिल उर्वरकों के लिए अमोनिया व फॉस्फोरिक एसिड का बड़ा हिस्सा भी आयात किया जाता है।

यूरिया और DAP के आयात में मध्य पूर्व का महत्वपूर्ण योगदान है।वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में कुल आयात का लगभग 40 प्रतिशत इसी क्षेत्र से आया।घरेलू उत्पादन के लिए भी मध्य पूर्व पर निर्भरता अधिक है—करीब 60-65 प्रतिशत एलएनजी और 75-80 प्रतिशत अमोनिया का आयात वहीं से होता है। आनंद कुलकर्णी ने कहा, मध्य पूर्व में जारी संकट खरीफ सीजन के लिए महत्वपूर्ण समय पर उर्वरक आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावित कर सकता है। यदि एलएनजी और अमोनिया की आपूर्ति में लगभग तीन महीने तक बाधा रहती है, तो घरेलू उत्पादन में 10-15 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि, सरकार द्वारा यूरिया निर्माताओं को 70 प्रतिशत गैस आवंटित करने के हालिया निर्देश और लगभग तीन महीने का उर्वरक स्टॉक, साथ ही वैकल्पिक स्रोतों से संभावित आयात, तात्कालिक आपूर्ति संकट के जोखिम को कुछ हद तक कम करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, उत्पादन क्षमता में कमी से लाभप्रदता पर असर पड़ेगा, खासकर यूरिया कंपनियों पर, क्योंकि कम क्षमता उपयोग से ऊर्जा दक्षता घटेगी। यूरिया कंपनियों की कमाई मुख्य रूप से निर्धारित ऊर्जा मानकों और वास्तविक खपत के अंतर पर निर्भर करती है। इसी तरह, जटिल उर्वरकों की लाभप्रदता भी बढ़ती लागत, सरकारी सब्सिडी दरों (NBS) और खुदरा कीमतों के बीच संतुलन पर निर्भर करेगी।

कच्चे माल की कमी और आपूर्ति लागत बढ़ने से अमोनिया की कीमतों में संघर्ष शुरू होने के बाद से लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है। चूंकि कंपनियों के पास लागत बढ़ोतरी को पूरी तरह उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की सीमित क्षमता है, इसलिए लाभप्रदता पर असर इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार NBS दरों में कितनी बढ़ोतरी करती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, इस प्रभाव को कम करने के लिए उद्योग को अतिरिक्त सरकारी सब्सिडी की जरूरत पड़ेगी। सरकार ने पहले भी इस क्षेत्र के महत्व को देखते हुए NBS दरों में बढ़ोतरी और DAP उत्पादकों को अतिरिक्त सहायता दी है।रिपोर्ट के अंत में कहा गया कि यदि मध्य पूर्व संकट लंबा चलता है, तो वैकल्पिक स्रोतों से कच्चा माल और उर्वरक प्राप्त करने की कंपनियों की क्षमता और इस दिशा में सरकार का हस्तक्षेप महत्वपूर्ण रहेगा।(ANI)

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here