पटना: नेपाल सरकार के हालिया फैसले ने बिहार की एथेनॉल कंपनियों में उम्मीद जगा दी है। नेपाल की पेट्रोलियम कंपनी ने पश्चिमी एशिया में उत्पन्न संकट के चलते तय किया है कि अब पेट्रोल में 10% एथेनॉल मिलाया जाएगा। इससे नेपाल का तेल आयात और खर्च कम होगा। बिहार की कंपनियां इसे एक बड़ा व्यापारिक अवसर मान रही हैं। नेपाल में पेट्रोल की वार्षिक खपत 730 करोड़ लीटर है और इसका अधिकांश आयात बिहार के रास्ते होता है। बिहार एथेनॉल एसोसिएशन के अनुसार, पेट्रोल में 10% एथेनॉल मिलाने के लिए नेपाल को लगभग 73 करोड़ लीटर एथेनॉल की जरूरत पड़ेगी। वहीं नेपाल की मौजूदा उत्पादन इकाइयों की क्षमता केवल 2-3 करोड़ लीटर है।
बिहार में एथेनॉल उत्पादन की कुल क्षमता 84 करोड़ लीटर है, जिसमें लगभग आधा हिस्सा आयल कंपनियों को भेजा जाता है। बिहार के पास अतिरिक्त एथेनॉल होने के कारण यह नेपाल को निर्यात किया जा सकेगा। नेपाल के नज़दीक होने से बिहार को परिवहन लागत भी कम लगेगी। वर्तमान में नेपाल के पेट्रोल आयात का मुख्य मार्ग बिहार से ही है।बिहार एथेनॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने ‘जागरण’ को बताया कि, नेपाल की आयल कंपनियां सीधे उत्पादन इकाइयों से एथेनॉल खरीदना चाहती हैं। इसको देखते हुए बिहार एसोसिएशन ने नेपाल की कंपनियों से बैठक का अनुरोध किया है और समय मिलने पर बिहार का प्रतिनिधिमंडल नेपाल दौरे पर जाने की तैयारी में है।


















