गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण (ब्लेंडिंग) से भारत की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम हुई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने गन्ना किसानों का आभार जताया और कहा कि उनके योगदान से पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा, आधुनिक कनेक्टिविटी का विस्तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को नई गति देगा और वैश्विक बाजारों तक पहुंच आसान बनाएगा। मैं किसानों का धन्यवाद करता हूं, क्योंकि आपकी उपज से बने एथेनॉल ने देश की कच्चे तेल पर निर्भरता कम की है। अगर पेट्रोल में यह मिश्रण नहीं होता, तो हमें 4.5 करोड़ बैरल यानी करीब 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से आयात करना पड़ता। किसानों की मेहनत से देश को भी लाभ हुआ है और किसानों को भी फायदा मिला है। यह बची हुई राशि देश से बाहर चली जाती।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। वहीं, भारत ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य तय समय से पांच साल पहले ही हासिल कर लिया है।अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के चलते बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, सरकार इस संकट का बोझ आम जनता पर नहीं पड़ने देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा, पिछले एक महीने से पश्चिम एशिया में युद्ध जारी है।कई देशों में खाद्य पदार्थों, पेट्रोल, उर्वरक और अन्य जरूरी चीजों की कीमतें काफी बढ़ गई हैं।हर देश इस संकट से निपटने की कोशिश कर रहा है और भारत भी इससे प्रभावित है।भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल इन्हीं प्रभावित क्षेत्रों से आयात करता है, इसलिए सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि इस संकट का असर देशवासियों पर कम से कम पड़े। इस चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत अपनी तेज विकास गति बनाए हुए है। (एएनआई)


















