नई दिल्ली: केंद्र सरकार अब ई20 पेट्रोल के बाद एक कदम आगे बढ़ते हुए ई25 पेट्रोल लागू करने की दिशा में काम कर रही है। बिजनेस स्टैंडर्ड में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, इस संबंध में केंद्र सरकार ने वाहन कंपनियों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर ऑटो उद्योग में तकनीकी चुनौतियों, नियमों और उपभोक्ताओं पर संभावित असर को लेकर चिंता भी जताई जा रही है। फिलहाल देश के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ई20 पेट्रोल उपलब्ध है, जिसमें 20 प्रतिशत एथनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है।
भारत में एथनॉल का उत्पादन घरेलू स्तर पर होता है, जबकि कच्चे तेल की 85 प्रतिशत से अधिक जरूरत आयात से पूरी होती है। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार वैकल्पिक ईंधन विकल्पों पर जोर दे रही है, ताकि उपभोक्ताओं पर बोझ कम किया जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, भारी उद्योग मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चर्स (SIAM) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में देशभर में ई20 से ई25 पेट्रोल में बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इससे पहले SIAM से जुड़ी कंपनियां भी इस विषय पर आंतरिक स्तर पर विचार-विमर्श कर चुकी हैं।


















