सुल्तानपुर: समाजवादी पार्टी के सांसद राम भुआल निषाद ने लोकसभा में जर्जर हो चुकी सहकारी चीनी मिल और उसकी घटती क्षमता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से मिल के जीर्णोद्धार के साथ उसकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की मांग की।
सांसद निषाद ने कहा कि, कभी यह मिल गन्ना किसानों की रीढ़ हुआ करती थी और हजारों श्रमिकों को रोजगार देती थी। लेकिन वर्तमान में मिल बंद पड़ी है और इसकी मशीनें भी खराब हो चुकी हैं, जिससे निर्धारित क्षमता के अनुरूप उत्पादन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि, मिल बंद होने के कारण किसानों को अपनी गन्ने की फसल कम दामों में बेचनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही, मिल के बंद होने का असर पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है।


















